तोशाम के किले को ढहाओगे, भाजपा की सरकार बनाओगे...। यह आह्वान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बहल की अनाज मंडी में आयोजित आशीर्वाद रैली के दौरान लोगों से कहा। लोगों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनको अबकी बार तोशाम का गढ़ ढहाने की जरूरत है ताकि देश और प्रदेश में चल रहे विकास कार्य इसी तरह से निर्बाध रूप से चलते रहे। उन्होंने लोगों से दोनों हाथों की मुट्ठियां बंद कर हाथ ऊपर करवा आह्वान किया कि इस बार भाजपा 75 पार। अपने 37 मिनट के भाषण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस सरकार पर खूब बरसे और भाजपा सरकार के काम भी गिनाए।
आशीर्वाद रैली लोहारू और तोशाम के प्रत्याशियों के समर्थन में थी मगर गृह मंत्री का मुख्य फोकस तोशाम पर ही नजर आया। तोशाम से भाजपा के शशि रंजन परमार विधानसभा चुनाव के मैदान में है जबकि, लोहारू से जेपी दलाल चुनाव लड़ रहे हैं। शाह दोपहर बाद 03:20 पर बहल रैली में पहुंचे और चार बजे भाषण खत्म कर निकल गए। उनके साथ हरियाणा प्रभारी डॉ. अनिल जैन भी थे। हेलीपैड पर बीआरसीएम की तरफ से सांसद धर्मबीर सिंह, जेपी दलाल, शशि रंजन परमार, बीआरएचडी ट्रस्ट के निदेशक डॉ. एसके सिन्हा ने स्वागत किया। गृहमंत्री ने बीआरसीएम द्वारा शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए संस्थान की प्रशंसा की और चेयरमैन हरिकृष्ण चौधरी के प्रयासों को राष्ट्रहित में बताया।
आपके सांसद, लोकप्रिय सांसद, कर्मठ सांसद : अमित शाह ने सांसद धर्मबीर का नाम लेते हुए कहा कि आपके सांसद, लोकप्रिय सांसद व कर्मठ सांसद। तो पंडाल तालियों से गूंज उठा। सांसद धर्मबीर ने भी उन्हें आश्वासन दिया कि इस बार लोकसभा के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में पहले से ज्यादा वोटों से जीत होगी।
37 मिनट बोले शाह, 51 बार लिया पीएम मोदी का नाम : शाह ने अपने संबोधन में मोदी व मनोहर सरकार की नीतियों का जमकर गुणगान किया। उन्होंने अपने 37 मिनट के भाषण में जहां पीएम मोदी का 51 बार नाम लिया वहीं छह बार मनोहर लाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद यह पहला चुनाव है। लोग अगर मोदी व मनोहर सरकार को फिर से देखना चाहते हैं तो एक बार फिर से 75 पार के नारे को समर्थन देते हुए भाजपा को जिताने का काम करें।
जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है... : श्याम प्रसाद मुखर्जी की जयंती के समय लगने वाले नारे जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है... भी खूब गूंजा। केंद्रीय मंत्री ने तीन बार इस पर लोगों से नारे लगवाए।
माइक हुआ खराब : केंद्रीय गृह मंत्री जब भाषण दे रहे थे तो माइक खराब हो गया। जिस कारण भाषण में बाधा आई। इस दौरान इलेक्ट्रिशियन और गनमैन ने माइक ठीक किया।
धर्मबीर का फोटो नहीं होने पर रही चर्चा : जनसभा स्थल पर सिर्फ स्टेज पर ही बड़ा बैनर लगा था। जिसमें प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष, संघ पदाधिकारियों के फोटो थे। उम्मीदवार जेपी दलाल और शशि रंजन परमार के भी फोटो थे, लेकिन सांसद धर्मबीर का फोटो नहीं था। इस कारण यह भी खासा चर्चा का विषय रहा।
ये रहे मौजूद : रैली में विधानसभा प्रभारी संदीप श्योराण, भाजपा लोहारू के प्रत्याशी जेपी दलाल, तोशाम के प्रत्याशी शशि परमार, कमलेश भोडूका, विजय शेखावत, जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, ताराचंद अग्रवाल, ऋषिप्रकाश शर्मा, मार्केट कमेटी बहल के चेयरमैन सुशील केडिया, सरपंच बहल एवं पंचायती राज भिवानी के संयोजक गजानंद अग्रवाल, बीडीसी चेयरमैन प्रतिनिधि साधूराम पनिहार, रविन्द्र मंढोली आदि मौजूद रहे।
उनको भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं : कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि देश में विजयदशमी को बुराई पर अच्छाई की जीत, रावण पर राम की जीत, अधर्म पर धर्म की जीत माना गया है लेकिन अब यह परिवारवाद पर राष्ट्रवाद की जीत भी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जब भारतीय सेना की ताकत बढ़ाने वाले राफेल विमान को दुश्मन पर विजयी के लिए शस्त्र मानकर उसकी पूजा की तो कांग्रेसियों को पेट में दर्द हुआ। उन्होंने इसे नाटक बताया। लेकिन, इसमें उनका कसूर नहीं है क्योंकि वो इटालियन संस्कृति से जुड़े हैं। उनको भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं है।
56 फोटो रैली में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए देश गृहमंत्री अमित शाह।- फोटो : Bhiwani