कमला भवन के पास रोड पर पड़ा कूड़ा कचरा।
भिवानी। शहर के कमला भवन के पास रविवार अलसुबह खुले में बायो मेडिकल वेस्ट डाला गया। लोगों ने संक्रमण फैलने के डर से पार्षद संदीप यादव को सूचना दी। इसके बाद पार्षद मौके पर पहुंची और नगर परिषद चेयरपर्सन व नगर परिषद के डीएमसी को शिकायत दी। पार्षद ने कहा कि खुले में बायो मेडिकल वेस्ट डालने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। करीब एक ट्रॉली बायो मेडिकल कचरे में सिरिंज, दवाइयों के खाली पैकेट और अन्य सामान है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह अज्ञात युवक अस्पताल से निकलने वाले कचरे के करीब 40 काले पॉलीथिन कमला भवन के पास फेंक गया। सुबह जब लोग उठे तो कचरा सड़कों पर फैल हुआ था। इसके बाद सूचना पार्षद संदीप यादव को दी गई। बाद में चयेरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने जांच के बाद अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करने का आश्वासन दिया। पार्षद ने बताया कि बायो मेडिकल वेस्ट खुले में डालने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इस कचरे को तुरंत उठवाया जाए। सेनेटरी इंस्पेक्टर विकास ने बताया कि वह दो दिन बाहर हैं। कंपनी के कर्मचारियों से कहकर कचरा उठवा देंगे। बता दें कि नगर परिषद प्रशासन शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए डंपिंग प्वाइंट को खत्म कर उस जगह को सुंदर बनाने में लगा है।