चांग। मिताथल-धनाना मार्ग पर वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला 34 वर्षीय संदीप गांव मिताथल का रहने वाला था जो गांव धनाना से मजदूरी कर बाइक पर अपने घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार संदीप वीरवार शाम को गांव धनाना से काम खत्म कर बाइक से अपने घर मिताथल लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि संदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। संदीप के पिता साधु ने बताया कि उनके चार बच्चे थ जिनमें तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। एक बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि अब सड़क हादसे में संदीप की भी जान चली गई। संदीप अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजर-बसर करता था।
गुजरानी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि संदीप के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।