कैरू। गांव खापड़वास के समीप बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मनसरबास निवासी राजेश की मौत हो गई। इस बारे में जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक राजेश का भाई बलजीत के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
राजेश अपने गांव के सरकारी स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत था। रविवार को वह काम से बाइक पर देवराला जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह खापड़वास के समीप पहुंचा तो एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से राजेश को अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की सूचना मिलने पर कैरू पुलिस चौकी से जांच अधिकारी एएसआई रामभज ने नागरिक अस्पताल में शव की पोस्टमार्टम कार्रवाई की। जांच अधिकारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में लगी है।