लोहारू। लोहारू-झुप्पा सड़क मार्ग पर सोमवार को एक तेज रफ्तार पिकअप द्वारा मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल युवक जोगेंद्र सिंह, निवासी गांव झुप्पा कलां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल पर गांव से लोहारू शहर की ओर जा रहा था। जब वह बसीरवास के कच्चे रास्ते के पास पहुंचा तो सामने से आई तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से जोगेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।