बवानीखेड़ा। कस्बे के बवानीखेड़ा-जमालपुर मार्ग पर स्थित गोशाला के समीप मंगलवार रात बोलेरो कैंपर और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को पहले बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल लाया गया जहां से हालत नाजुक होने पर तीनों को हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान अनिल कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गांव पापोसा निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके ताऊ का बेटा 52 वर्षीय अनिल कुमार मुंबई में ट्रांसपोर्ट का कार्य करता था। अनिल के दो बच्चे हैं और वह इन दिनों अपने घर पापोसा आया हुआ था। मंगलवार रात अनिल बाइक पर गांव की ही ममता और कविता के साथ किसी काम से बवानीखेड़ा की ओर जा रहा था। जब वे गोशाला के पास पहुंचे तो सामने से आ रही बोलेरो कैंपर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और दोनों महिलाओं को भी चोटें आईं। मामले की सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा के जांच अधिकारी संदीप मलिक ने कार्रवाई करते हुए मृतक अनिल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।