बीटीएम चौक स्थित खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय बुधवार को ‘अखाड़ा’ बन गया। नियम-134 ए के तहत आवेदन फार्म जमा कराने पहुंचे स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के पदाधिकारी व कर्मचारी भिड़ गए। तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई और मारपीट भी हुई। इसमें दोनों पक्षों से चार को चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों तरफ से आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। मारपीट की सूचना पर विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बाद में अस्पताल पहुंचकर भी इसकी तकरार कम नहीं हुई और वहां एक पक्ष ने हंगामा किया।
नियम-134 ए के तहत निजी स्कूलों में आरक्षित सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू है। फार्म संबंधित बीईओ कार्यालय में जमा कि ए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन अपने स्तर से अलग-अलग कैंप लगाकर बच्चों के फार्म भरवा रहा है। एकत्रित फार्मों को जमा कराने के लिए संगठन के पदाधिकारी बुधवार की शाम बीटीएम चौक स्थित बीईओ कार्यालय पहुंचे। यहां फार्म जमा करने को लेकर कर्मचारियों से उनकी तकरार हुई।
विवाद इस कदर बढ़ा कि नौबत मारपीट तक आ गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है। मारपीट में एक पक्ष से बृजपाल परमार, रमेश कुमार को चोट आई, जबकि दूसरे पक्ष से प्रकाश व जयभगवान चोटिल हुए।