भिवानी। इनेलो के रानियां विधानसभा क्षेत्र से विधायक अर्जुन चौटाला ने रविवार को भिवानी में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग इनेलो को बीजेपी की बी टीम कहते हैं, असल में बी टीम का मतलब भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। चौटाला ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के कई विधायकों को हराने का काम किया। उन्होंने कहा कि हुड्डा ने बृजेंद्र सिंह को हरवाया और अनिल विज को जीत दिलाने में मदद की।
चौटाला ने यह भी कहा कि ये तथ्य किसी से छिपे नहीं हैं और अब कांग्रेस नेता केवल अपनी पकड़ बनाने के लिए इसे मुद्दा बना रहे हैं। किसानों के मुआवजे पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रति एकड़ केवल 6,000 रुपये दे रही है यानी महीने के लगभग 500 रुपये। जबकि मनरेगा में मजदूर को प्रतिदिन 450 रुपये मिलते हैं। चौटाला ने कहा कि प्रदेश के किसानों को प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवजा मिलना चाहिए। इस अवसर पर अर्जुन चौटाला ने जेजेपी नेता दिनेश नंबरदार समेत अन्य नेताओं को इनेलो में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नेता विपक्ष तभी बनेगा जब बीजेपी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा चाहेंगे।