गांव मुंढाल में ग्रामीणों की शिकायतें सुनते भिवानी के एसपी नीतीश अग्रवाल।
भिवानी। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम के तहत गांव मुंढाल का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस व जनता के बीच आपसी सहयोग पर जोर दिया।
उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और नशे के बढ़ते खतरे को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया और इनसे बचाव के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग नए-नए तरीकों से आमजन को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहना होगा और किसी भी अज्ञात लिंक, फोन कॉल या संदेश पर विश्वास नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव बताकर युवाओं को इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है और यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आर्यन चौधरी, प्रबंधक थाना सदर भिवानी निरीक्षक नरेंद्र, पुलिस चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक दशरथ व गांव मुंढाल व धनाना के तीनों पंचायत के प्रतिनिधि तालु, जताई, मंढाणा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।