गणतंत्र दिवस के मौके पर हरियाणा के भिवानी की बेटी हिमांशी गिरधर दिल्ली के राजपथ पर ट्रंपेट बजाते हुए बैंड के साथ मार्च पास्ट करेगी। हिमांशी पिलानी के बिरला बालिका विद्यापीठ में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। उसका चयन बैंड के मार्च पास्ट दल में होने की सूचना के बाद भिवानी में उसके परिजनों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। बेटी देश के गणतंत्र दिवस में सबसे बड़े उत्सव में अपनी प्रस्तुति देकर जिले व प्रदेश का गौरव भी बढ़ाएगी।
हिमांशी गिरधर के पिता जोनी गिरधर ने बताया कि उसके बड़ी बेटी हिमांशी व छोटा बेटा शिवम गिरधर है। उसका छोटा बेटा चौथी कक्षा में पढ़ता है जबकि हिमांशी पिलानी के बिरला बालिका विद्यापीठ में 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही है।
हिमांशी के पिता जोनी गिरधर का अपना कपड़े का कारोबार है। भिवानी निवासी जोनी का कहना है कि उसकी बेटी शुरुआत से ही पढ़ाई में काफी होशियार रही है और उसकी एनसीसी के साथ संगीत में काफी रुचि थी।
ट्रंपेट पर 37 धुने बजा लेती हैं हिमांशी
जोनी का कहना है कि उसकी बेटी हिमांशी ट्रंपेट पर 37 धुने बजा लेती हैं। उसकी बेटी को संगीत का काफी शौक है यही वजह है कि वह स्कूल के बैंड में शामिल हुई है। स्कूल का एनसीसी बैंड गणतंत्र दिवस में शामिल होगा। उनका स्कूल 1960 से लेकर लगातार 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाले समारोह में शामिल होता आ रहा है।
एक माह से दिल्ली में कर रही तैयारी
हिमांशी की माता नीरु गिरधर का कहना है कि उसकी बेटी एक माह से दिल्ली में रहकर बैंड की तैयारी कर रही है। बैंड में करीब 51 छात्राएं शामिल होंगी। उसकी बेटी अभ्यास के दौरान और अधिक निखार ला रही है। उसकी बेटी बैंड पर 37 धुनों का अभ्यास रखती है।