भिवानी के बाढड़ा में सर्वजातीय श्योराण खाप द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जाट आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरक्षण व दूसरी मांगों को लेकर जल्द ही 36 बिरादरी को साथ लेकर फिर से धरने शुरु करने का ऐलान किया। आरक्षण के दौरान मारे गए लोगों को सरकार की साजिश बताते हुए यूपी विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतने की बात कही।
रविवार को कस्बे की अनाज मंडी में अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने जाट आंदोलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर मारे गए लोगों के परिजनों को 2.11 लाख रुपये, शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों व मौजूद लोगों को संबोधित करने हुए कहा कि कौम के लिए शहादत देने वाले लोगों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हम हिंसा के खिलाफ हैं, लेकिन सरकार ने साजिश के तहत 21 साथियों को शहीद करवा दिया। सरकार ने जो साजिश हरियाणा में उनके साथ कि उसका परिणाम उसे यूपी विधान सभा में भुगतना पड़ेगा। हम 36 बिरादरी को साथ लेकर चलेंगें और 35 बिरादरी का नारा देकर प्रदेश में जातिवाद का जहर घोलने वालों को भी सबक सिखाएंगे। 36 जाति के लोगों को एकत्रित कर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे व अपना हक हासिल करेंगे। उन्होंने भविष्य में होने वाले आंदोलनों व धरनों में अहिंसा का रास्ता अपनाने की अपील की।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र पूनियां ने सांसद राजकुमार सैनी पर हमला बोलते हुए कहा कि सांसद ने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश में जातिवाद को बढ़ावा देने व समाज को बांटने की कोशिश की है। जो अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। इस अवसर पर श्योराण खाप चौरासी प्रधान रामस्वरुप सिधनवा, पच्चीस के प्रधान बिजेंद्र बेरला, जाट आरक्षण समिति कि हलकाध्यक्ष प्रदीप बाढड़ा, बीडीसी चेयरमैन भल्ले राम, पार्षद अनिल, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकिशन, कमल सिंह माढी, दिलबाग गोपी, राकेश सरपंच, संदीप धनखड़, उमेद जेवली, सज्जन डांडमा आदि मौजूद रहे।