भिवानी के हालुवास गांव के पास साइकिल से खेत जा रहे पूर्व सरपंच मांगेराम व उसकी नौ वर्षीय पोती को तेज रफ्तार ट्राले ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक ने भागने का प्रयास किया मगर नाके पर पुलिस ने दबोच लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज कर लिया है।
हादसा रविवार दोपहर करीब सवा एक बजे हालुवास गांव के नजदीक पेट्रोल पंप के पास हुआ। हालुवास गांव वासी पूर्व सरपंच करीब 65 वर्षीय मांगेराम साइकिल से अपने घर से खेत जा रहा था। साथ में उसकी करीब नौ वर्षीय पोती प्रिया भी थी। जब दोनों पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो दादरी की ओर जा रहे ट्राले ने दोनों को टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गया। हादसे में दादा-पोती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि बच्ची के सिर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। हादसे के बाद ट्राला चालक ने भागने का प्रयास किया मगर पुलिस नाके पर फंस गया। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ मौके पर लग गई। हालुवास गांव से भी काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना पर सदर थाना प्रभारी नरेंद्रपाल भी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मृतक सरपंच के बेटे रामबाबू के बयान पर ट्राला चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज किया है। दोपहर बाद शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में एसएचओ सदर नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि ट्राला चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। ट्राला चालक के मामला दर्ज किया गया है।
गांव में मातम, अस्पताल में उमड़ी भीड़
दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। हादसे की सूचना पर खासी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़े। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया तब भी खासी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सबकी लाडली थी प्रिया
चौथी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय बच्ची प्रिया परिवार में सबकी लाडली थी। रामबाबू के दो बच्चे हैं, जिनमें प्रिया बड़ी थी। उसका एक छोटा भाई है। इकलौती लड़की होने के कारण वह परिवार में सबकी लाडली थी।