भिवानी के चरखी दादरी के गांव भागवी निवासी एक युवक की बुुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अन्य ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम गांव भागवी निवासी प्रदीप 20 अपने पिता भीम सिंह के साथ खेतों में यूरिया का छिड़काव करने गया था। कृषि कार्य पूरा करने के बाद भीम सिंह घर आ गया और प्रदीप नहाकर आने की बात कहकर खेत में ही रुक गया। जब देर रात तक प्रदीप घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। इस दौरान कई बार कॉल करने पर भी जब प्रदीप से बात नहीं हो पाई तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजन उसे तलाशते हुए खेत में पहुंचे। वहां बने कुएं के पास उसके कपडे़, चप्पल व मोबाइल फोन रखा मिला। जब परिजनों ने कुएं में झांक कर देखा तो प्रदीप का शव नजर आया। इसी दौरान अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों ने प्रदीप को कुएं से बाहर निकाला।