भिवानी में पहले बेटे और फिर पति की मौत से आहत बुजुर्ग महिला ने घर में ही सीढ़ियों की ग्रिल से चुन्नी बांध फंदा लगा लिया। पुलिस ने मृतका की पुत्रवधू के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मामला उत्तमनगर लोहारू रोड का है। यहां करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला माया देवी का शव घर में सीढ़ियों की ग्रिल से बंधी चुन्नी से लटकता मिला। सूचना पर अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। मृतका की पुत्रवधू मुकेश ने बताया कि उसका पति यानी बुजुर्ग महिला के इकलौते लड़के की चार-पांच साल पहले मौत हो चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले उसके ससुर की भी मौत हो गई। पति व बेटे की मौत से उसकी सास मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। उनका इलाज भी चल रहा था। इसी मानसिक परेशानी और बीमारी के चलते आज उसकी सास ने यह कदम उठा लिया। अनाज मंडी चौकी से जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल कुलदीप ने बताया कि मृतका की पुत्रवधू के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।