भिवानी के तोशाम में साहलेवाल व हसान गांव के बीच स्थित मटोलिया जोहड़ में रानी सती के मंदिर के पास वर्षों पुराना कंकाल मिला है। जोहड़ में कंकाल होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना के बाद शुक्रवार को डीएसपी विजयपाल व बहल थाना प्रभारी उदमीराम दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जोहड़ी में दबे कंकाल को निकाला गया। पुलिस के कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक व डीएनए टेस्ट के लिए मधुबन भेजा जाएगा।
बृहस्पतिवार देर शाम चरवाहे अपने मवेशियों को जोहड़ में घूमा रहे थे। उसी समय उनकी नजर मिट्टी में दबे कंकाल की तरफ पड़ी। चरवाहे ने यह सूचना गांव में आकर दी। ग्रामीणों ने चरवाहे की बात सुनकर जोहड़ में जाकर देखा तो कंकाल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शुक्रवार को सुबह जोहड़ में कंकाल होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद डीएसपी विजयपाल, बहल थाना प्रभारी उदमी राम अपने दल बल सहित पहुंचे। डीएसपी व थाना प्रभारी ने मौके का मुआयना किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार नरेंद्र ग्रेवाल की मौजूदगी में कंकाल को शुक्रवार शाम को जमीन से खोदकर निकाला गया। कंकाल को निकालने के बाद पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। डयूटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कंकाल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। कंकाल को पुलिस मेडिकल के लिए भेजेगी। थाना प्रभारी उदमी राम ने बताया कि कंकाल को डीएनए टेस्ट के लिए मधुबन व पोस्टमार्टम के लिए रोहतक भेजा जाएगा। इसमें धारा 176 के तहत कार्रवाई की गई है।