भिवानी शहर की ब्रह्मा कॉलोनी में एक युवती ने घर से भागकर अपने ही भाई के दोस्त से प्रेम विवाह किया तो आहत भाई ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में पीजीआई ले जाने लगे तो जाम में एंबुलेंस फंस गई और युवक ने दम तोड़ दिया। इस बीच, पुलिस ने मृतक के दोस्त व उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
सोमवार दोपहर ब्रह्मा कॉलोनी वासी करीब 27 वर्षीय युवक सोनू ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया। हांसी गेट पर जाम लगा था और उनकी गाड़ी भी जाम में फंस गई। इसी दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजन उसे वापस अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना पर टीआईटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने एक युवक व उसके परिवार वालों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए।
मृतक के भाई सतीश ने बताया कि उसके भाई ने पड़ोस के ही एक खाली प्लॉट में जहरीला पदार्थ निगला। पड़ोस की ही एक महिला ने हमें सूचना दी। जिसके बाद वे उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर गए। सतीश ने बताया कि उसकी बहन दिनोद गेट स्थित उनके पुराने मकान में गई थी। जहां से एक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया। वे ढूंढते रहे। हमने इसकी शिकायत चौकी में की। आज पुलिस से उन्हें पता लगा कि दोनों ने दिल्ली के एक मंदिर में शादी कर ली है और सेफ होम में पुलिस से सुरक्षा मांगी है। आरोपी युवक उसके भाई का दोस्त था और पड़ोस में ही रहता था। इसी से आहत होकर उसके भाई ने यह कदम उठाया। आरोपी युवक व उसके परिवार वालों ने एक साजिश के तहत यह सब किया है।
मामले में टीआईटी चौकी इंचार्ज हरिवल्लभ सिंह ने बताया कि मृतक सोनू के भाई सतीश की शिकायत पर पुलिस ने हरदीप ( जिसने मृतक की बहन से प्रेम विवाह किया है), उसके माता-पिता, दो भाइयों कुलदीप व राहुल, उसके मामा के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।