हालुवास गांव के सरकारी स्कूल के शिक्षक की छात्रा से बातचीत की अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को भी स्कूल में हंगामा हुआ। जांच के लिए पहुंची कमेटी के समक्ष ग्रामीणों ने रोष जताया और चेतावनी दी कि गांव के स्कूल में इन आरोपी चारों शिक्षकों की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों ने ट्रांसफर की मांग की। जिसके बाद जांच कमेटी ने अब चारों शिक्षकों के ट्रांसफर और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी है।
हालुवास गांव के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का एक छात्रा से बातचीत का अश्लील ऑडियो तीन दिन पहले वायरल हो गया था। जिस पर ग्रामीणों ने स्कूल में हंगामा किया और एक शिक्षक के साथ मारपीट की। मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा तो
मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया।
बुधवार को जांच कमेटी डीईईओ सतबीर सिवाच के नेतृत्व में जांच के लिए हालुवास गांव के स्कूल में पहुंची। जांच कमेटी के आने की सूचना पर ग्रामीण भी स्कूल पहुंचे और हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने जांच कमेटी के समक्ष सारी बात रखते हुए चेतावनी दी कि आरोपी चार शिक्षकों की एंट्री स्कूल में नहीं होने दी जाएगी। जिसके बाद कमेटी ने आरोपी शिक्षकों को यहां से हटाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने जांच कमेटी के समक्ष ऑडियो भी दिखाई। जांच के बाद कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार की और आरोपी शिक्षकों के वापस यहां नहीं आने का आश्वासन देकर लौटी।
आरोपी शिक्षकों को स्कूल में नहीं आने दिया जाएगा। इस बारे में जांच कमेटी को भी अवगत करवाया है। आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हरीश कुमार, सरपंच, गांव हालुवास
आरोपी चार शिक्षकों के ट्रांसफर की ग्रामीणों ने मांग की है। ग्रामीणों की मांग पर चारों शिक्षकों के ट्रांसफर और अनुशासनात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी गई है। ऑडियो से साफ है कि शिक्षक ने बड़ी गलती की है।
सतबीर सिवाच, डीईईओ