भिवानी के अलखपुरा गांव की बेटियों ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरे बार स्कूली सुब्रतो कप में खिताब अपने नाम किया। अलखपुरा स्कूल की बेटियों ने फाइनल के रोमांचक मुकाबले में नागालैंड को 1-0 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। बेटियां की जीत से गांव में सोमवार को ही दीपावली मनी और गांव में जश्र का माहौल रहा।
दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में चल रही अंडर 17 आयु वर्ग की अंतर्राष्ट्रीय स्कूली सुब्रतो फुटबाल कप का फाइनल मैच सोमवार को भिवानी के अलखपुरा गांव की स्कूली टीम और नागालैंड के बीच खेला गया। मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा और अलखपुरा की टीम ने 1-0 से जीत हासिल की। फाइनल मैच की स्टार गांव अलखपुरा की खिलाड़ी अन्नयाबाई रही। अन्नयाबाई ने मैच के 53वें मिनट के दौरान नागालैंड की टीम को गोल दाग कर प्रतियोगिता को अपने कब्जे में कर लिया। मैच के समापन के बाद जीत की खुशी में सभी के आंसू झलक गए। अलखपुरा स्कूल की टीम ने लगातार दूसरी बार चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है। कोच सोनिका बिजारणिया ने बताया कि प्रतियोगिता में अलखपुरा की टीम ने अपने सभी छह मुकाबलों में जीत हासिल की। अलखपुरा की बेटियों ने गांव का नाम क्षेत्र व प्रदेश में रोशन कर दिया है।
कांटे की रही टक्कर
नागालैंड और अलखपुरा की बेटियों को मैच कांटे की टक्कर का रहा। मैच के हाफ टाइम तक दोनों की टीमें बराबर रही और कोई भी गोल नहीं कर सकी। अन्नयबाई ने नागालैंड की टीम पर एक गोल दाग कर प्रतियोगिता पर कब्जा कर लिया और अपनी पूरी टीम को अंतर्राष्ट्रीय पहचान देने का कार्य किया। अन्नयाबाई ने जीत के बाद कहा कि पूरी टीम ने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की थी और उसकी मेहनत का परिणाम है कि खिताब उनके पास है।
नीशु बगडिय़ा बनी बेस्ट खिलाड़ी
प्रतियोगिता में बेस्ट खिलाड़ी अलखपुरा की बेटी नीशू बगडिय़ा बनी। नीशू ने प्रतियोगिता में 16 गोल दागे।
मंगलवार को होगा अलखपुरा की बेटियों का जोरदार स्वागत
अलखपुरा की बेटियों की जीत की खुशी से गांव में जश्र जैसा माहौल है। ग्रामीण सरपंच संजय चौहान, प्रधानाचार्य अजीत सिंह, शारीरिक शिक्षक गोवर्धन शर्मा, डीपीई भूपेंद्र ने बताया कि गांव में दीपावली से पहले ही जश्र का माहौल है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को बेटियों के गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।