भिवानी में पिछले हफ्ते घोषित बीकॉम के परीक्षा परिणाम में खामियों के विरोध में आदर्श कॉलेज की छात्रा सड़क पर उतर आईं। कॉलेज के सामने घंटेभर तक छात्रा मानव श्रृंखला बनाकर बीच सड़क बैठी रहीं। छात्राओं ने एमडी यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और परिणाम को ठीक करने की मांग की। रास्ता जाम होने की वजह से सरकुलर रोड पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस व कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं को समुचित कदम उठाने का आश्वासन दिया, इसके बाद छात्रा सड़क से हटीं। छात्राओं का आरोप है कि बीकॉम प्रथम वर्ष के प्रथम सेमेस्टर, अंतिम वर्ष के पांचवें व छठे सेमेस्टर, बीए, बीएससी के सेमेस्टर में कॉलेज की अधिकतर छात्राओं को फेल दर्शाया गया है।
सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब आदर्श कॉलेज की छात्राएं कक्षाओं का बहिष्कार कर बाहर आ गईं और कॉलेज गेट के सामने सरकुलर रोड जाम कर दिया। दोनों मार्गों को छात्राओं ने जाम किया। एक मार्ग पर छात्राएं बैठ गई तो दूसरी पर मानव श्रृंखला बनाकर खड़ी हो गई और मार्ग से आवागमन बंद कर दिया। छात्रा कोमल, प्रिया, जागृति, मीनू, हिमांशी, कल्पना, पूजा, मोनिका, एकता आदि ने कहा कि मेहनत करने के बाद भी यूनिवर्सिटी की लापरवाही के कारण गलत परिणाम निकाल उन्हें फेल कर दिया जाता है। जिससे छात्राओं को परेशानी हो रह है। जाम की सूचना पर सिविल लाइन थाना प्रभारी संजय बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं उनको अनसुना कर दिया। बाद में कॉलेज उप-प्राचार्या नीता चावला व कामर्स विभागाध्यक्ष नीरू चावला ने छात्राओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
वाहनों की लगी लंबी कतारें
मुख्य मार्ग पर जाम के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ही बिगड़ गई। हांसी गेट से पुराना बस स्टैंड, हांसी गेट से हांसी मार्ग, हांसी गेट से घंटाघर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। अधिकतर वाहन चालक गलियों के छोटे रास्तों से अपने वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे थे, इस कारण इन मार्गों पर भी जाम के हालात रहे।
तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया
छात्राओं ने रोड जाम किया तो इसी दौरान तीन-चार युवक प्रदर्शन कर रही छात्राओं के साथ नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक वाहनों को भी रोकते रहे। जब युवक नहीं माने तो पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। बाद में तीनों को पुलिस ने रिहा कर दिया।
रिजल्ट खराब आने पर प्राचार्य की ओर से यूनिवर्सिटी प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही छात्राओं की समस्या का समाधान हो जाएगा।
नीता चावला, उप-प्राचार्या, आदर्श कॉलेज