भिवानी में दुष्कर्म की शिकार होने पर गर्भवती हुई साढ़े 13 वर्ष की किशोरी की बुधवार शाम तबियत बिगड़ गई। साढ़े सात माह की गर्भवती इस किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका स्कूल पहले ही छूट चुका है। बेटी के हाल पर परिजन परेशान हैं। दुष्कर्म का आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से जेल में बंद है।
त्तर प्रदेश का एक मजदूर परिवार टीआईटी चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। मजदूर का परिवार एक फैक्ट्री में काम कर अपना गुजर-बसर कर रहा था कि एक युवक ने मजदूर की महज साढ़े 13 वर्ष की किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। शहर के ही एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली यह किशोरी अब साढ़े सात माह से गर्भवती है। इस त्रासदी से गुजर रही किशोरी को कम उम्र के चलते जान का भी खतरा है। परिजन भी बच्ची की ऐसी हालत देख चिंतित हैं। हालांकि आरोपी युवक की गिरफ्तारी हो चुकी है, मगर किशोरी और उसका परिवार सजा भुगत रहा है।
किशोरी का स्कूल छूट चुका है तो उसकी हालत के चलते पिता भी पूरी तरह मजदूरी पर नहीं जा पा रहे है। पूरा परिवार चिंतित है। किशोरी की मां ने रोते हुए कहा कि बच्ची की इस हालत के चलते पूरा परिवार का बुरा हाल है। कार्यकारी एसएचओ एसआई संतोष ने बताया कि मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच चल रही है। किशोरी अस्पताल में भर्ती है और फिलहाल उसकी हालत ठीक है।