भिवानी के सोहांसड़ा गांव स्थित एमएलएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कार्यालय में आग लगने से लाखों सामान जलकर राख हो गया। आग कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है।
सोमवार को विद्यालय प्राचार्य अनिल वशिष्ठ ने बताया कि स्कूृली बच्चों ने चौकीदार को स्कूल कार्यालय से धुआं निकलने की सूचना दी। चौकीदार ने तुरंत विद्यालय प्रशासन को घटना की जानकारी दी और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। पुलिस थाना लोहारू को भी घटना के बारे में सूचना दी गई। भिवानी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी आने तक विद्यालय स्टाफ व बच्चों ने काफी मशक्कत के बाद आग को काबू में कर लिया था। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जान का नुकसान नहीं हुआ। प्राचार्य अनिल कुमार ने बताया कि कार्यालय में लगा एक एसी, 3 कंप्यूटर, फर्नीचर, गद्दे, गेट, फोटो स्टेट मशीन, प्रिंटर्स और अन्य जरूरी सामान सहित करीब 5 लाख रूपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया।
फिर उठी अग्रिशमन केंद्र खोले जाने की मांग
एक माह के अंदर ही सोमवार को दूसरी बार क्षेत्र में आग लगने से हुए लाखों के नुकसान के बाद लोहारू में अग्रिशमन केंद्र खोले जाने की मांग एक बार फिर से जोर पकड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि किसी प्रकार का हादसा होने पर 60 किलोमीटर दूर भिवानी या दादरी से फायर बिग्रेड के पहुंचने तक क्या स्थिति होगी इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है।