भिवानी एसडीएम कार्यालय में मतदाता सूची की आपत्तियों को दूर करने के दौरान चल रही सुनवाई के दौरान आवेदकों और नप अधिकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। बाद में कुछ को वहां से बाहर निकालकर मामला शांत किया गया। एसडीएम व निर्वाचक पंजीयन अधिकारी सतपाल सिंह की देखरेख में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से मतदाता सूची को लेकर आए दावे व आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। इन सभी मामलों का 13 सितंबर तक निपटारा किया जाएगा।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक मतदाता सूची पर आपत्ति जताने वाले नवीन धमीजा और नप के जेई राजऋषि के बीच नोक-झोंक शुरू हो गई। हंगामा हुआ तो एसडीएम ने नवीन धमीजा को वहां से चले जाने के लिए कहा। उसे कार्यालय से निकाला गया। नवीन धमीजा ने बताया कि आपत्तियों पर आपत्ति जताने वालों के हस्ताक्षर होने चाहिए मगर यहां तो कुछ पार्षद है जो सभी पर हस्ताक्षर कर रहे है। एक व्यक्ति के सभी पर हस्ताक्षर हो रहे है। सरकारी रिकार्ड भी इन पार्षदों के पास है। जब आपत्ति जताई तो कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी गई। निवर्तमान, पूर्व पार्षदों की भी आपत्तियों को लेकर नोक-झोंक हुई।
एसडीएम सतपाल सिंह ने बताया कि वार्ड 1 से 31 तक के नागरिकों ने 154 दावे व आपत्तियां जमा करवाई हैं। शुक्रवार को वार्ड 16 से 31 तक के जमा हुए दावे व आपत्तियों की सुनवाई हुई।