भिवानी नगर परिषद चुनाव में महज तीन दिन शेष है। प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए तैयारियों में जुटा है। शहरभर में बनाए गए 100 बूथों पर 460 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। छह डीएसपी की देखरेख में चुनाव होगा वहीं 20 नाके लगाकर शहर को सील किया जाएगा।
आठ जनवरी को होने वाले नगर परिषद के 31 वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निपटाने के लिए प्लानिंग बनाई जा रही है। पुलिस विभाग ने भी मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना रोकने व शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्लानिंग बनाई है।
प्लानिंग के तहत नगर परिषद चुनाव के लिए 49 स्थानों के 100 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा दी जाएगी। मतदान के केंद्रों पर 49 पुलिस अधिकारी, एक सौ प्रधान सिपाही, दो सौ सिपाही, एक सौ महिला सिपाही तैनात रहेंगी। डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल बिश्नोई को नगर परिषद चुनाव का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा छह डीएसपी व 10 निरीक्षक की ड्यूटी चुनाव के लिए लगाई गई है। जो मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
नगर परिषद चुनाव के लिये 13 अति संवेदनशील और 23 संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए है। चुनाव के लिए शहर में 16 पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई है। जो की मतदान केन्द्रों पर सुबह से शाम तक निरंतर निगरानी रखेंगी। चुनाव के दौरान शहर भिवानी व आसपास के
क्षेत्र में 20 स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्लानिंग बनाई गई है। अगर चुनाव के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व ने मतदान प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। बाहरी तत्वों पर निगरानी रखने के लिये पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। कोई भी व्यक्ति चुनाव के दौरान घातक हथियार लेकर घूमता हुआ पाया गया तो उसे धारा 144 का उल्लंघन माना जाएगा।
मतदान केंद्र नंबर 26 अब दुर्गा देवी स्कूल में
नगर परिषद के निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम सतपाल सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र नंबर 26 को वैटरनिरी हॉस्पिटल इंडस्ट्रियल एरिया से बदल कर दुर्गा देवी स्कूल बैंक कॉलोनी में बना दिया गया है। चुनाव के दिन आठ जनवरी को वार्ड 10 के मतदाता दुर्गा देवी स्कूल में स्थापित किए जाने वाले मतदान केन्द्र में अपना मतदान करेंगे।
रिहर्सल में गैर हाजिर रहे 44 अधिकारी व कर्मचारी, होगी कार्रवाई
नगर परिषद चुनाव के लिए रिहर्सल की तो 44 अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर रहे। गैर हाजिर रहे कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी हो गई है।
मंगलवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में नगर परिषद चुनाव के लिए रिहर्सल की गई। जिसमें चुनावी ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया। रिहर्सल चुनाव पर्यवेक्षक सुनीता वर्मा की अध्यक्षता में हुई। रिहर्सल के दौरान विभिन्न विभागों के 44 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि रिहर्सल के दौरान अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव सामग्री को किट बैगों में डालने का काम शुरू
नगर परिषद के आठ जनवरी को होने वाले चुनाव के दृष्टिगत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में चुनाव पर्यवेक्षक सुनीता वर्मा की देखरेख में चुनाव सामग्री को किट बैगों में डालने का काम शुरू किया गया। बुधवार को नगर परिषद चुनाव के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सतपाल सिंह ने बताया कि चुनाव पर्यवेक्षक की देखरेख में चुनाव सामग्री को किट बैगों में डालने तथा ईवीएम के नंबरों का रेंडमाइजेशन का कार्य भी किया गया। उन्होंने बताया कि चुनाव पर्यवेक्षक ने इस दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।