फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नप से नो ड्यूज लेना है तो चुकाना होगा भारी-भरकम डेवलपमेंट चार्ज

Wed, 21 Dec 2016 01:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
रोष - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भिवानी में लाल डोरे के बाहर रहने वाले लोगों के लिए एक बुरी खबर। लाल डोरे के बाहर की कॉलोनियों के लोगों को नगर परिषद से नो ड्यूज लेना है तो भारी-भरकम डेवलपमेंट चार्ज चुकाना होगा। मकान के लिए 120 रुपये गज तो कॉमर्शियल भवनों के लिए करीब छह सौ डेवलपमेंट चार्ज निर्धारित किया गया है। कृष्णा कॉलोनी, विजय नगर, विकास नगर जैसी पुरानी कॉलोनियों के बाशिंदों को भी डेवलपमेंट चार्ज देना होगा। नगर परिषद चुनाव में उतरने के इच्छुक प्रत्याशी नो ड्यूज लेने पहुंचे तो अधिकारियों ने नई गाइड लाइन बताई। संभावित प्रत्याशियों ने डेवलपमेंट चार्ज वसूली का विरोध किया।
विज्ञापन


नगर परिषद चुनाव की घोषणा के बाद अब चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार नो ड्यूज के लिए विभागों के चक्कर काट रहे हैं। नगर परिषद से नो ड्यूज लेना उम्मीदवारों के लिए आफत बन गया है। दरअसल नो ड्यूज लेने पहुंच रहे उम्मीदवारों से अब डेवलपमेंट चार्ज वसूला जा रहा है। बेशक कॉलोनी कितने ही वर्षों पहले डेवलप हुई हो मगर 120 रुपये गज के हिसाब से डेवलपमेंट चार्ज देना होगा। यानी एक सौ गज में किसी का मकान है तो उसे पहले 12 हजार रुपये डेवलपमेंट चार्ज देना होगा। यह कंडीशन सिर्फ नगर परिषद चुनाव में उम्मीदवारों के समक्ष ही नहीं है बल्कि भविष्य में नगर परिषद से किसी भी कार्य के लिए नो ड्यूज लेने पर करनी होगी। एक दफा डेवलपमेंट चार्ज देना होगा।

50 फीसदी से अधिक शहर लाल डोरे से बाहर
शहर के लाल डोरे के अंदर आने वाले क्षेत्र के लोगों को डेवलपमेंट चार्ज में छूट रहेगी मगर 50 फीसदी से अधिक शहर लाल डोरे के बाहर बसता है। लाल डोरे की हद शहर के सरकुलर रोड के अंदर है। यानी रोहतक गेट से बावड़ी गेट दादरी गेट, बेरी गेट, हालुवास गेट, पतराम गेट, देवसर गेट, दिनोद गेट, हांसी गेट, महम गेट के अंदर का क्षेत्र इसमें शामिल है। बाकी बची सभी कॉलोनियों चाहे कृष्णा कॉलोनी हो या फिर शांति नगर, एमसी कॉलोनी, विद्यानगर, विजय नगर या अन्य। सभी को डेवलपमेंट चार्ज देना होगा।
विज्ञापन


नो ड्यूज के लिए प्रत्याशियों की बंधेगी चक्कर घिन्नी
नप चुनाव के लिए उम्मीदवारों ने ताकत झोंक दी है मगर नो ड्यूज किस-किस डिपार्टमेंट से लेना होगा यह पता ही नहीं। दिनभर उम्मीदवार इसकी जानकारी के लिए ही भटकते रहे। नगर परिषद चुनाव के लिए बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग यानी सीवरेज-पानी के अलावा नगर परिषद व दो बैंकों हरियाणा रिजनल ग्रामीण बैंक और सेंट्रल कॉ-ऑपरेटिव बैंक से नो-ड्यूज लेना होगा। नगर परिषद से नो ड्यूज के लिए प्रॉपर्टी टैक्स, फायर टैक्स, डेवलपमेंट चार्ज जमा कराने होंगे।

उम्मीदवारों ने जताई आपत्ति, भरना मजबूरी
120 रुपये प्रति गज डेवलपमेंट चार्ज वसूलने पर नप चुनाव की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों ने आपत्ति जताई। उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि जो क्षेत्र 30-40 वर्ष पहले डेवलप हो चुका, उसके लिए अब डेवलपमेंट चार्ज वसूलने का क्या तुक। नप अधिकारियों उम्मीदवारों की चुनाव लड़ने की मजबूरी का फायदा उठा रहे है। नो ड्यूज लेने पहुंची निवर्तमान पार्षद शीला गौरा ने बताया कि उन्होंने पिछला चुनाव भी लड़ा मगर ऐसी शर्त नहीं थी। अब जबरन 120 रुपये गज की शर्त थौंपी जा रही है। उनका मकान एक सौ गज में है तो 12 हजार रुपये डेवलपमेंट चार्ज देना होगा जबकि उनकी कॉलोनी को डेवलप हुए वर्षों बीत गए है। अन्य उम्मीदवारों ने भी रोष जताया।

सभी को भरना होगा चार्ज
नो ड्यूज लेना है तो डेवलमेंट चार्ज तो सभी को भरना होगा। बिना डेवलपमेंट चार्ज भरे नो ड्यूज किसी सूरत में नहीं मिलेगा। एक बार ही डेवलपमेंट चार्ज भरना होता है।
हरदीप सिंह, कार्यकारी अधिकारी
नगर परिषद

जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
भिवानी में ढाणा रोड पर वार्ड 13 ढाणा रोड पर खस्ताहाल नाला लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। लोगों ने रोष जताते हुए जल्द ठीक नहीं किए जाने पर लोगों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी। लोगों ने नारे लगाकर रोष जताया।
आदर्श समाज के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश सैनी नें बताया कि पिछले तीस सालों से वार्ड में जो भी नगर पार्षद बना है उसने इस इलाके की अनदेखी की है। सड़क पर गंदा नाला पूरी तरह से गंदगी से अटा पड़ा है। प्रतिदिन कोई न कोई व्यक्ति इसमें गिर जाता है। मच्छरों के कारण महामारी होने का खतरा है। लेकिन प्रशासन को बार-बार लिखित में शिकायत करने पर भी प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगो में भारी रोष है। समस्या का अगर जल्द निदान नहीं हुआ तो नगर पार्षद चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर अजीत चोटीवाला, मुकेश, रवि, आशाराम आदि मौजूद रहे।

नप में चुनाव हेल्प डेस्क की मांग
नगर परिषद चुनाव से संबंधित जानकारी के लिए हेल्प डेस्क की मांग की है। लोगों का कहना है कि डेस्क न होने की वजह से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को परेशानी हो रही है।
वार्ड नंबर 18 से पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि चुनाव लडने के लिए क्या-क्या दस्तावेज की जरूरत है, उसके बारे में भी नगर परिषद या चुनाव अधिकारी द्वारा किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है और न ही नगर परिषद या एसडीएम चुनाव कार्यालय में इस प्रकार की जानकारी दर्शाता सूचना बोर्ड नहीं है। चुनाव लड़ने के लिए किस-किस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र की जरूरत है, इस बारे में भी सही जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह पहली बार हो रहा है कि चुनाव घोषित होने के 5 दिन बाद भी वोटर लिस्ट इच्छुक उम्मीदवारों को उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। भिवानी के विभिन्न वार्डों के लगभग 20 हजार मतदाताओं के नाम नगर परिषद चुनाव की वोटर लिस्ट से गायब हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें