भाजपा विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी ने गांव बलाली पहुंच कर रियो ओलंपिक में चोटिल हुई अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी विनेश फौगाट का हालचाल जाना तथा राष्ट्रपति द्वारा द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित करने पर उनके पिता महाबीर पहलवान व उसे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने पर बधाई दी।
विनेश फौगाट से उनके पैतृक आवास पर मुलाकात करते हुए विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी ने कहा कि विनेश ने भले ही गोल्ड ना जीता हो लेकिन उन्होंने रियो ओलंपिक में अपने प्रथम स्पर्धा में एकतरफा मुकाबला अपने नाम करने के बाद दूसरी स्पर्धा में घायल होने के बाद करोड़ों खेलप्रेमियों का दिल जीतने का काम किया है। केन्द्र व प्रदेश सरकार ने विनेश की प्रतिभा के कारण ही उनके पिता महाबीर पहलवान को देश का सबसे बड़ा प्रशिक्षण रत्न पुरस्कार यानि द्रोणाचार्य अवार्ड व विनेश फौगाट को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित कर इस क्षेत्र का मान सम्मान बढ़ाया है।
जल्द सुविधा देने का भरोसा दिया
राज्य सरकार की ओर से इलाज के लिए घोषित आर्थिक मदद में देरी संबंधी खबर अमर उजाला में छपने के बाद रविवार को भाजपा विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी ने विनेश को प्रदेश सरकार से मिलने वाली सभी सुविधाएं मुहैया कराने का भरोसा दिया है। मांढी ने कहा कि विनेश को सभी सुविधाएं व सरकार द्वारा घोषित पुरस्कार राशि के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कराएंगे।