लग्र-टीका रस्म में मनमाफिक दहेज न मिलने से नाराज लड़के ने दबाव बनाया तो लड़की ने वर पक्ष को कड़ा सबक सिखाया। दहेज की शिकायत लेकर लड़की शुक्रवार को एएसपी से मिलीं और दहेज लोभी परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। एमएससी की छात्रा ने दहेज लोभी परिवार में शादी से इनकार कर दिया है। शादी नौ मई को मुकर्रर की गई है। फिलहाल महिला सेल ने दोनों पक्षों को शनिवार को बुलाया है।
शहर से समीपी गांव बापोड़ा की एमएससी (डाइटीशियन) छात्रा का रिश्ता जिले के लोहारू कस्बे में वार्ड नंबर एक में तय किया। शादी की तारीख नौ मई तय हुई। कल पांच मई को लग्र-टीका रस्म अदायगी के लिए लड़की परिजन लोहारू गए। महेंद्रगढ़ जिले में वैटनरी सर्जन के पद पर तैनात लड़की के भाई ने बताया कि वे लोग कल अपने सामथ्र्य से ज्यादा सामान लेकर गए।
बकौल वैटनरी सर्जन, वहां तो कोई खास प्रतिक्रिया नहीं जताई, लेकिन लड़के ने बाद में उसकी बहन को फोन करके कहा कि चपरासी भी इससे ज्यादा खर्च कर सकता है। टीके पर पांच हजार रुपये देकर मेरा अपमान किया। एक चपरासी बुलेट बाइक दे सकता है और आप लोगों ने टीवीएस बाइक दी। इस फोन के बारे में उसकी बहन ने उसे कुछ नहीं बताया। इसके बाद रात 10 बजे लड़के ने उसके फोन पर कॉल की और कहा कि कल दिन में 12 बजे तक दो एफिडेविट तैयार करा लेना, जिसमें हमें दिए गए सामान का ब्यौरा हो। अगर ऐसा नहीं किया तो वह शादी करने नहीं आएगा। लड़की के भाई ने बताया कि पिछले तीन माह से लड़के ने दहेज के उसकी बहन को परेशान कर रखा है। उसकी बहन ने केवल इस संकोच में नहीं बताया कि पिता की मौत हो चुकी है और भाई इन बातों से परेशान हो जाएगा। इस पूरे मामले के बारे में लड़की व उसके परिजनों ने एएसपी को बताया और कार्रवाई की मांग की। बाद में लड़की के भाई ने बताया कि मामले की जांच महिला सेल करेगी। कल दोनों पक्षों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि उसकी बहन व परिजन अब उस परिवार में शादी नहीं करेगी।
शिकायत मिली है और इसकी जांच महिला सेल को सौंपी गई है।
चंद्रपाल, डीएसपी