भिवानी में नए मकान या दुकान बनाने की सोच रहे लोगों या फिर मकान या दुकान का नक्शा पास कराने की सोच रहे लोगों को शहरी निकाय निदेशालय ने जोर का झटका धीरे से दिया है। शहरी निकाय निदेशालय ने अचानक से नक्शा पास करवाने के लिए दी जाने वाली डेवलपमेंट चार्ज को छह गुणा से भी ज्यादा बढ़ा दिया है। अब कामर्शियल भवन का नक्शा पास करवाने के लिए 1500 रुपये प्रति गज और आवासीय भवन का नक्शा पास करवाने के लिए 750 रुपये प्रति गज खरीदने होंगे।
शहरी निकाय निदेशालय की ओर से सभी नगर परिषद, नगर निगमों को पत्र भेजकर नक्शा फीस में संशोधित लिस्ट भेजी है। संशोधित लिस्ट देखकर सभी हैरान है। नक्शा पास करने के दौरान लिया जाने वाला डेवलपमेंट चार्ज छह गुणा से भी ज्यादा बढ़ा दिया है।
100 गज के प्लॉट के लिए पहले लगते थे 12 हजार, अब खर्चने होंगे 75 हजार
नक्शा पास करने में डेवलपमेंट फीस बढ़ाने का कितना असर रहेगा इसे यूं समझा जा सकता है। पहले अगर रिहायसी एक सौ गज के प्लॉट का नक्शा पास करवाना होता था तो डेवलपमेंट चार्ज 12 हजार रुपये जमा करवाने पड़ते थे। मगर नए निर्देशों के बाद एक सौ गज के प्लॉट के लिए भी 75 हजार रुपये डेवलेपमेंट चार्ज जमा कराना होगा। कामर्शियल भवन का इससे भी कई गुणा ज्यादा है। पहले एक सौ गज की दुकान का नक्शा पास करवाने के लिए 60 हजार रुपये डेवलेपमेंट चार्ज देना पड़ता था तो अब डेढ़ लाख रुपये डेवलपमेंट चार्ज के रूप में जमा कराने होंगे।
पेंडिंग है 250 से अधिक नक्शे, पुराने दामों पर ही होंगे पास
नगर परिषद में करीब 250 नक्शे पिछले तीन-चार महीनों से पेंडिंग पड़े है। नियमित बिल्डिंग इंस्पेक्टर नहीं होने के कारण ये नक्शे पास नहीं हो रहे। लोग चक्कर काट रहे है। चूंकि इनकी एंट्री पहले ही हो चुकी है, ऐसे में इन सभी नक्शों को पुराने रेट के अनुसार ही पास किया जाएगा।
हो सकता है पुनर्विचार
अचानक डेवलमेंट चार्ज छह गुणा से भी ज्यादा बढ़ने से लोग हैरान है और नप अधिकारी, कर्मचारी भी वसूलने को लेकर असमंजस में है। अधिकारियों, कर्मचारियों का मानना है कि इतना कौन देगा। वहीं चर्चाएं यह है कि यह बहुत ज्यादा बढ़ाया गया है और इस पर पुनर्विचार कर कुछ कम किया जाएगा।
नक्शा पास करने के दौरान लिए जाना वाला डेवलपमेंट चार्ज बढ़ाया गया है। नई दरें लागू हो गई है। दरें बढ़ाने का फैसला सरकार का है।
सुंदर सिंह, एमई, नगर परिषद