चरखी दादरी शहर के रोजगार्डन में बीएड के छात्र की संदिग्ध हालातों में जहर का सेवन करने से मौत हो गई। शहर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने घटना का कारण प्रेम- प्रसंग बताया है। पुलिस ने मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मंगलवार देर सांय शहर के रोजगार्डन में बीएड कक्षा के छात्र मंदीप निवासी रामपुरा-डूडीवाला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। मंदीप के बेहोश अवस्था में देखे जाने पर पार्क में मौजूद कुछ लोगों ने इसकी सूचना शहर पुलिस को दी। शहर पुलिस थाना प्रभारी भूदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा तब तक मंदीप ने दम तोड़ दिया था। शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों के बयान दर्ज किए।
शहर पुलिस थाना प्रभारी भूदेव सिंह ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट में मृतक ने दो लड़कियों का उल्लेख कर रखा है। सुसाइड नोट में इन लड़कियों के नाम भी अंकित हैं। सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि इस घटना के पीछे मेरे (मंदीप) के माता-पिता का कोई कसूर नहीं है। माता- पिता ने उसका जिम्मेदारी के साथ पालन- पोषण किया । थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। शव को शवगृह में रखवा दिया गया है। थाना प्रभारी भूदेव ङ्क्षसह ने बताया कि फिलहाल पुलिस इस संबंध में इतफाकिया मौत होने संबंधी कागज कार्रवाई कर रही है।