दवाई की जगह भूलवश कीटनाशक दवा का सेवन करने से गांव मैहड़ा निवासी महिला की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को सिविल अस्पताल में करवाया गया। सदर पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
आदमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज बंसीधर ने बताया कि महिला के भाई राजबीर सिंह ने पुलिस बयान में बताया कि उसकी बहन राजवंती को पेट दर्द की शिकायत हुई थी। इस दौरान उसने भूलवश घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जिसके प्रभाव से कुछ देर बाद उसे उल्टियां आनी शुरू हो गई। कीटनाशक के असर से कुछ देर बाद ही वह बेहोश हो गई। मामले का पता चलने पर परिजन उसे लेकर चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचे लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर आदमपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागज कार्रवाई शुरू की। चौकी इंचार्ज बंसीधर ने बताया कि पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर 174 सीपीआरसी की कार्रवाई की है।