भिवानी केसिधनवा गांव में विभिन्न सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों की अहम बैठक हुई। बैठक में गांव में डीजे बजाने पर और अवैध रूप से शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने फैसला लिया कि अगर किसी ने नियम का उल्लंघन किया तो उसे निर्धारित जुर्माना भरना होगा। शराब के ठेके को गांव से एक किमी दूर किया जाएगा।
शनिवार को ग्राम सचिवालय में आयोजित पंचायत की अध्यक्षता पूर्व सरपंच सुरेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। ग्रामीणों ने सर्वसमति से फैसला लिया कि गांव में शराब की अवैध बिक्री नहीं होगी और कोई शराब की अवैध बिक्री करता मिला तो उससे 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं, गांव में मौजूद शराब के ठेके को एक महीने के अंदर गांव की परिधि से बाहर करने को कहा। इसके अलावा गांव में साधारण आवाज में संगीत को छोड़कर तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाने के साथ उल्लंघन करने वाले पर 11 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए चौकीदार से गांव में मुनादी करवाई जाएगी।
इसके अलावा बेवजह शरारत करने वाले पर 1100 रुपये तथा जुआ खेलने वाले पर 5100 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। फैसलों को लागू करने के लिए गांव के प्रमुख लोगों की 22 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इस अवसर पर सरपंच अंजू देवी, सुरेश कुमार, दयाचंद पूर्व सरपंच, भगत सिंह, महाबीर सिंह, नोरंग पूर्व पंच, राजेश पंच आदि मौजूद रहे।