भिवानी के बाड़ी मोहल्ला में एक व्यक्ति ने अपने घर के बाहर करीब चार फुट का चबूतरा बना लिया है। गली वासियों का आरोप है कि चबूतरे के बाद वह अपनी गाड़ी खड़ी कर देता है, जिससे आने-जाने को लेकर रास्ता ही नहीं रहता। कॉलोनी वासियों ने विरोध जताया और चेतावनी दी कि प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो कॉलोनी वासी मिलकर इसे तोड़ देंगे। कोई विवाद या झगड़ा होता है तो प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार होगा।
बाड़ी मोहल्ला में धनानिया धर्मशाला वाली गली में एक व्यक्ति के दो मकान है। एक मकान को अब वह मंदिर बना रहा है, जिसमें जन्माष्टमी के दिन मूर्ति स्थापना होगी। मंदिर बनाए गए घर के सामने करीब चार फुट का चबूतरा बनाया गया है। इससे गली वासी परेशान है। बुधवार को गली वासियों ने एकत्रित होकर रोष जताया। मकान मालिक से भी मिलने गए। उससे नोक-झोंक भी हुई। रोष जताने के बाद गली वासियों ने चेतावनी दी कि जल्द यदि प्रशासन ने चबूतरा नहीं हटाया वे अपने स्तर पर कदम उठाएंगे। गली वासियों का आरोप है कि करीब चार-पांच फुट का चबूतरा बना लिया है। इसके बाद गाड़ी खड़ी कर दी जाती है। यहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो जाता है जबकि वाहन चालक तो यहां से गुजर ही नहीं पाते। गली वासी आनंद बासिया, सीताराम रेखान, शिव शंकर, नंदन, दिनेश, दीपक, ललित शर्मा, विपिन बंसल, रवि, रमेश डालमिया आदि ने बताया कि एक तरफ चबूतरा, दूसरी तरफ कार और चतूबरे के पास ही लावारिस पशुओं के चारा डालने व पानी पीने की व्यवस्था कर रखी है। जिस कारण यहां लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। लावारिस पशु आपस में लड़ाई करते है, जिस कारण यहां हादसों का डर बना रहता है।