हरियाणा की धरती पर आए आमिर खान भला हरियाणवी परिधान (कुर्ता-पाजामा व पगड़ी) को कैसे भूल सकते थे। आमिर खान हवाई पट्टी पर जींस व शर्ट पहनकर आए, लेकिन प्लेन के बगल में खड़ी मेकअप वैन में 40 मिनट लगाए। बाहर आए तो एकदम हरियाणवी लुक में नजर आए। सफेद रंग के कुर्ता-पाजामा, ऊपर काले रंग की नेहरू जैकेट पहनकर बलाली गांव के लिए रवाना हुए।
रविवार मध्याह्न सवा 12 बजे अभिनेता आमिर खान का प्लेन हवाई पट्टी पर उतरा। दंगल फिल्म में महावीर पहलवान की पत्नी का रोल करने वाली साक्षी तंवर व गीता की बहन बबीता का रोल निभाने वाली सानिया भी आमिर खान के साथ आईं। प्लेन से उतरते ही आमिर खान ने हवाई पट्टी के रिसेस्पशन रूम में बैठीं एक प्रशासनिक अधिकारी की पत्नी के साथ फोटो खिंचवाया और पुलिस अधिकारी की बेटी से हाथ मिलाया।
इसके बाद आमिर ने लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और प्लेन के पास खड़ी मेकअप वैन में चले गए। उस वक्त ब्राउन रंग की जींस व हल्के नीले रंग की शर्ट थे। करीब 40 मिनट बाद सफेद रंग के कुर्ता व पाजामा और सिर पर हरियाणवी स्टाइल हल्के लाल रंग की पगड़ी पहने बाहर आए।
भीड़ उमड़ी तो कार में बैठकर हो गए रवाना
हवाई पट्टी पर बाडीवुड अभिनेता लोगों से मिलना चाहते थे। भीड़ की तरफ बढ़े भी, लेकिन एकाएक भीड़ उमडने से उन्होंने अपना इरादा बदल लिया और तुरंत कार में बैठकर बलाली गांव के लिए रवाना हो गए। फैन मन-मसोस कर रहे गए। लोगों की आमिर खान को करीब से देखने, सेल्फी, आटोग्राफ लेने की हसरत पूरी नहीं हुई।