दो व तीन जनवरी को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2020 के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अधिकारियों ने शुक्रवार को बैठक कर शिक्षा विभाग अधिकारियों, स्कूली प्रिंसिपल, मुख्याध्यापकों, बोर्ड कर्मचारियों, अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नकल मुक्त परीक्षा कराने के लिए सभी एकजुट होकर हर संभव प्रयास करें। कोई भी परीक्षार्थी नकल करते मिला या किसी के पास इलेक्ट्रानिक उपकरण मिला तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र में बिना पहचान-पत्र किसी भी अधिकारी/कर्मचारी का प्रवेश नहीं होगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव राजीव प्रसाद ने जरूरी निर्देश दिए। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि 01 जनवरी से 03 जनवरी तक सभी जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम पर नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने कार्यालय के एक अधिकारी, दो कर्मचारी और एक चतुर्थ श्रेणी की नियुक्ति अपने स्तर पर की जानी है। इस कंट्रोल रूम पर नियुक्त अधिकारी बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।
नियुक्त अधिकारी/कर्मचारियों की सूची बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित नियंत्रण कक्ष में भेजी जानी जरूरी है। यह कंट्रोल रूम अपने-अपने जिले के सभी उड़नदस्तों की निरीक्षण रिपोर्ट लेगा और इस रिपोर्ट को कंसोलिडेट करते हुए परीक्षा वाले दिन ही बोर्ड में स्थापित नियंत्रण कक्ष को भेजेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा के दौरान यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी सूचना भी अविलंब बोर्ड मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष पर दी जानी है। बोर्ड मुख्यालय पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा चुका है, जिसके हेल्पलाइन नंबर 01664- 254301, 254302, 254304, 254601, 254604 और व्हाट्सएप नंबर 8816840349 रहेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी अपने-अपने जिले के उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रमुख केंद्र अधीक्षक, केंद्र अधीक्षक एवं प्रशासनिक एवं राजपत्रित अधिकारियों की परीक्षा से पूर्व तिथि, समय एवं स्थान सुनिश्चित करते हुए बैठक करवाएंगे। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी अभ्यर्थी के पास कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, पेजर, ब्लूटुथ, कैल्कुलेटर, घड़ी व मुद्रित कागज अथवा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री मिलती है तो उसका यूएमसी दर्ज किया जाएगा और एफआईआर भी होगी।
अंगूठी, चैन, बालियां लाने की स्वीकृति नहीं होगी
बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिंदी व सिंदूर लगाने की ही छूट होगी। अन्य किसी प्रकार जैसे अंगूठी, चैन, बालियां आदि लाने की स्वीकृति नहीं होगी। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की अनुमति होगी। दृृष्टिहीन/अशक्त अभ्यर्थियों का 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसकी ओएमआर शीट भी अलग से लिफाफा में केंद्र अधीक्षक द्वारा भेजी जानी है। उन्होंने बताया कि बायोमीट्रिक के माध्यम से अभ्यर्थियों की बाई आंख की स्क्रीनिंग की जाएगी। किसी अभ्यर्थी की बाई आंख नहीं है तो दाई आंख की स्क्रीनिंग होगी। दृष्टिहीन अभ्यर्थी के बाएं हाथ के अंगूठे का निशान लगवाया जाएगा।
ये रहेगा शेड्यूल
दो जनवरी को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा अपराह्न 3:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी, जिसमें 82,185 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीन जनवरी को सुबह लेवल-2 की परीक्षा 10 से 12:30 बजे तक होगी। लेवल-2 (टीजीटी) के 1,05,481 अभ्यर्थी हैं। लेवल-1 (पीआरटी) के 73,633 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 3:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी।