भिवानी के चांग में आतंकी के बचाव और पाकिस्तान का साथ देने के विरोध में धामाण खाप ने चीन में बने उत्पादों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। खाप ने कहा कि चीन को सबक सीखाना जरूरी है।
रविवार को 12 धामाण खाप ने गांव रेवाड़ी खेड़ा के शिव मंदिर में हुई महापंचायत करके चीनी सामान का बहिष्कार के अलावा 12 गांव में डीजे व मृत्यु भोज पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध लगा दिया है। खाप प्रधान ऋषिपाल केलंगा के आह्वान पर महापंचायत में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर इस फैसले का समर्थन दिया। सरपंच रेवाड़ी खेड़ा जयभगवान ने महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए गांव में पूर्ण रूप से चाइना के सामान का बहिष्कार करने, डीजे व मृत्युभोज बंद करने का प्रस्ताव खाप प्रधान को सौंपा। खाप महापंचायत प्रधान ऋषिपाल केलंगा ने महापंचायत में मौजूद लोगों से कहा कि दीवाली पर कोई भी चीनी सामान न खरीदे, ताकि चीन को सबक सिखाया जा सके।
खाप प्रवक्ता टीनू आजाद ने महापंचायत को संबोधित किया। खाप महापंचायत में सरपंच रेवाड़ी खेड़ा जयभगवान, सचिव रामकुमार, पूर्व सरपंच ढाणी चांग रणबीर परमार, रत्न सिंह केलंगा, डा. देवेंद्र राठौड़, कै. गुगन सिंह सैय, रिंकी परमार, सोनू, प्रदीप भाट्टी आदि मौजूद रहे।
इन गांवों में रहेगा बहिष्कार
12 धामाण खाप के गांव सैय, रेवाड़ी खेड़ा, केलंगा, खरक खुर्द, खरक कलां, बामला, सिसर खास, नौरंगाबाद, फूलपूरा, सिरसा घोघड़ा व ढाणी हरसुख में खाप के फैसले का असर रहेगा।
नेत्रदान के लिए युवा टीम का गठन
खाप प्रवक्ता टीनू आजाद रेवाड़ी खेड़ा ने बताया कि खाप महापंचायत में 12 धामाण खाप के अंतर्गत आने वाले गांव में से युवाओं की टीम का गठन किया गया है। यह टीम दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को रक्त की जरूरत पड़ने पर नि:शुल्क मुहैया करवाएगी।