गाय हरा चारा खाती है, पर दूध सफेद क्यों देती है। शिक्षा मंत्री ने गवर्नमेंट स्कूल की छात्रा से यह सवाल पूछा तो पूरी क्लास में सन्नाटा छा गया। जिसके बाद मंत्री ने स्वयं जवाब देते हुए कहा कि यह एक रसायनिक प्रक्रिया है। उन्होंने इसके बारे में विस्तार से बताया। शिक्षा मंत्री ने गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल व ब्वॉयज स्कूल का औचक निरीक्षण किया। बच्चों से बातचीत कर शिक्षा का स्तर जाना तो गवर्नमेंट ब्वायज स्कूल को आदर्श स्कूल बनाने की बात कहते हुए 50 लाख रुपये की ग्रांट दी।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा अचानक गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल पहुंचे। यहां सीधे 11वीं कक्षा में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। 11वीं कक्षा में पहुंच शिक्षा मंत्री ने 10 छात्राओं से उनके नाम व कहां से आने के बारे में पूछने साथ पूछा कि फोन लाते हो। जिस पर छात्राओं ने इंकार किया। शिक्षा मंत्री ने छात्रा आरती से पूछा कि सुभाष चंद्र बोस कौन थे। छात्रा ने जवाब दिया कि सुभाष चंद्र बोस स्वतंत्रता सेनानी थी, जिन्होंने तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा दिया। उन्होंने इसी कक्षा में छात्रा पूजा से सवाल किया कि गाय हरा चारा खाती है पर दूध सफेद क्यों देती है। जिस पर छात्रा कोई जवाब नहीं दे पाई। क्लास में सन्नाटा छा गया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह एक रासायनिक प्रक्रिया है। इसके बाद 12 कक्षा में पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि प्रसिद्ध कवियों के बारे में जानते हो। तो छात्राओं ने हामी भरी। इसके बाद उन्हाेंने कहा कि मुंशी प्रेम चंद कौन थे। जिसका कोई छात्रा जवाब नहीं दे पाई। जिसके बाद उन्होंने बताया कि मुंशी प्रेम चंद कवि नहीं लेखक थे। उन्होंने गोदान उपन्यास लिखा। करीब 20 मिनट तक स्कूल में रुककर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यहां के बाद सेठ किरोड़ीमल गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे और यहां गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल कर रहे 16 स्कूलों के बच्चों से बातचीत की। शिक्षा मंत्री ने इस स्कूल को आदर्श स्कूल बनाने की बात कहते हुए 50 लाख की ग्रांट देने की घोषणा की। दौरे में उनके साथ शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषि प्रकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष नंदराम धानिया, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार, राजकीय कन्या स्कूल केे प्रचार्य रमेश बुरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के प्राचार्य शिव कुमार तंवर, विनोद अत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष तारा चंद अग्रवाल, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष रामअवातर शर्मा, विरेंद्र कौशिक, सोनू सैनी, रितिक वधवा, आरके शर्मा, कमल किशोर बंधु, रमेश सैनी, कुलदीप नेहरा आदि मौजूद रहे।
सरकारी स्कूलों को निजि स्कूलों से अधिक शिक्षा गुणवत्ता से सुसजित करेगी सरकार
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने स्कूलों के औचक निरीक्षण के बाद कहा कि सरकार का मिशन है कि वह सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से अधिक शिक्षा गुणवत्ता वाले विद्यालय बनाएंगें। उन्होंने दिवंगत सेठ किरोड़ीमल की शिक्षा के प्रति सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट का आभार जताया।
शिक्षकों की नहीं होती ऊपर की कमाई
पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक गरीब होते हैं, उनकी ऊपर की कमाई भी नहीं होती। इसीलिए सरकार ने उत्तर पुस्तिका जांच का भत्ता 60 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये किया है। उन्होंने कहा कि हम विद्यालय के प्रांगण को साफ-सुथरा बनाना चाहते हैं। गीता पर बोलते हुए कहा कि गीता ज्ञान भी, गीता विज्ञान भी, शंका भी है और समाधान भी है। गीता को हमें पढना और पढ़ाना भी चाहिए। इसलिए गीता को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। कॉलेजों में अनुबंध आधार पर लगे प्राध्यापकों का फरवरी माह में मासिक वेतनमान बढ़ाया जाएगा। वे जब भी यहां आएंगे तो कार्यालय में एक घंटे का समय देंगे। जिसके दौरान सरकारी स्कूल, गैर सरकारी स्कूल व शिक्षा से संबंधित जो भी समस्याओं होंगी उनका मौके पर ही निपटारा करेंगे। भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष रामवतार शर्मा ने अध्यक्षता की।