महम रोड स्थित पुराने जलघर से स्टेडियम रोड पर हांसी रोड मोड़ पर महिला पुलिस थाने के सामने बरसाती पानी के पाइप डालने के दौरान बीच में मुख्य पेयजल लाइन आड़े आ गई। इसे बदलने के लिए रात को ही पानी सप्लाई रोकी गई। रातभर काम कर इसे बदला गया। मगर इसे बदलने के फेर में सोमवार सुबह करीब आधे शहर की 50 हजार की आबादी को पीने के पानी की सप्लाई नहीं मिल पाई। इतना ही नहीं सोमवार को सरकारी कार्यालयों सहित करीब सात बूस्टिंग स्टेशनों तक भी पानी की आपूर्ति ठप रही।
महम रोड स्थित पुराने जलघर से भीम स्टेडियम मार्ग से होते हुए हांसी रोड पर लघु सचिवालय परिसर, भीम स्टेडियम सहित जिला कारागार तक पानी की आपूर्ति दी जा रही है। हांसी रोड स्टेडियम मोड पर महिला पुलिस थाना के सामने अमरूत योजना के तहत बरसाती पानी की निकासी के लिए पंपिंग स्टेशन बनाया गया है। यहां पर दोनों ही लाइन आपस में क्रॉसिंग हो रही थी। इसी वजह से मुख्य पेयजल लाइन को बदली किया गया। रविवार रात भर काम चला। सोमवार सुबह पांच बजे तक लाइन बदली की गई। लेकिन सोमवार को पुराने शहर के सभी जोनों की पेयजल आपूर्ति इस कार्य की वजह से पूरी तरह से ठप रही।
ये जोन हुए प्रभावित
लोहड़ बाजार में सुबह चार बजे से साढ़े पांच बजे तक पानी की आपूर्ति बंद रही। इसी तरह हालु बाजार जोन में सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े सात बजे तक पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई। इसके अलावा सरकारी आवास और बूस्टिंग स्टेशनों की आपूर्ति भी ठप रही। जिनमें हांसी रोड के ईएसआई डिस्पेंसरी बूस्टिंग स्टेशन, सदर थाना बुस्टर, रेस्ट हाउस बुस्टर, आईटीआई बुस्टर, राजकीय कॉलेज बुस्टर ठप रहा। इसी वजह से सरकुलर रोड के अंदर आने वाली करीब 50 हजार लोगों की आबादी वाली सभी कॉलोनी सहित भीम स्टेडियम, लघु सचिवालय परिसर से लेकर सदर थाना, राजकीय आईटीआई, महिला महाविद्यालय व सीबीएलयू यूनिवर्सिटी से लेकर जिला जेल बूस्टिंग स्टेशन तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई।
घंटाघर डिस्टीब्यूटर प्वाइंट तक भी नहीं पहुंचा पानी
घंटाघर पानी की टंकी जोकि पुराने शहर में पेयजल आपूर्ति के अधिकांश जोनों में पेयजल सप्लाई उपलब्ध कराता है। उसे भी सोमवार को पानी की आपूर्ति नहीं मिली। घंटाघर बूस्टिंग व डिस्टीब्यूटर प्वाइंट से ही लोहड, हालु बाजार सहित पुराने शहर के सभी जोन में पानी की आपूर्ति हो रही है।
शाम को भी नहीं मिला शहर के इन हिस्सों को पानी
शाम की पेयजल आपूर्ति में कृष्णा कॉलोनी में शाम चार बजे से साढ़े पांच बजे तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। इसी तरह पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पटेल नगर, जगत कॉलोनी, विजय नगर कॉलोनी में शाम साढ़े पांच से सात बजे तक पानी की आपूर्ति ठप रही। इसके बाद शाम सात बजे से देर शाम आठ बजे तक जिला जेल बूस्टिंग स्टेशन पर भी पानी की सप्लाई नहीं हो पाई।
नहरों में सोमवार को पहुंचा पानी
नहरों में सोमवार सुबह ही पानी पहुंचा है। इस वजह से लगभग खाली हो चुके टैंकों को भरा जाएगा। पानी की कमी की वजह से शहर में करीब 10 से 15 मिनट की राशनिंग भी शुरू की गई थी, जो सिर्फ दो से तीन दिन ही रही। महम रोड पर सात वाटर टैंक ही भरे जाएंगे, जबकि दो टैंकों को खाली रखा जाएगा। जिनका जीर्णोंद्धार का काम शुरू होगा। ये कार्य छह माह तक चलेगा। इस दौरान पुराने जलघर में पानी की कमी की आपूर्ति निनान वाटर वर्क्स से भी अतिरिक्त पानी लेकर की जाएगी।
वर्जन
हांसी रोड स्टेडियम मोड़ पर अमरूत की बरसाती लाइन और मुख्य पेयजल लाइन एक ही लेवल पर आ गई थी। इस वजह से पेयजल लाइन को शिफ्ट करना पड़ा। रविवार रात भर काम चला। इस वजह से सोमवार को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। मंगलवार से पानी की आपूर्ति नियमित रूप से दी जाएगी। नहर में भी पानी आ गया हैं, जिस वजह से टैंकों में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा। पानी की कोई राशनिंग या दिक्कत नहीं होगी।
- कपिल श्योराण, कनिष्ठ अभियंता शहरी पेयजल शाखा भिवानी।