भिवानी में कैश की किल्लत दिन-ब-दिन गहराती जा रही है। सोमवार को भी ज्यादातर बैंक व एटीएम इस समस्या से जूझते नजर आए। सबसे ज्यादा टेंशन उन लोगों को हुई, जिनके यहां शादी है। ऐसा कोई खुशनसीब नहीं मिला, जिसे शादी के लिए पूरे ढाई लाख रुपये मिले। एक्सचेंज के लिए बैंक पहुंचे बुजुर्गों मायूस लौटना पड़ा तो कुछ बैंकों में मशक्कत के बाद दो हजार से ज्यादा नहीं मिले। शहर के 80 प्रतिशत से अधिक एटीएम बंद रहे।
सोमवार को भी बड़ी संख्या में लोगों की दिनचर्या बैंक व एटीएम के दरवाजे से शुरू हुई। लोग इस उम्मीद में आए थे कि सोमवार है, बैंकों में पर्याप्त कैश पहुंच गया होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कैश के मामले में पीएनबी की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। मेन ब्रांच के अलावा घंटाघर व चिड़ियाघर ब्रांचों में कैश की किल्लत की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ घंटे के बाद ही कैश खत्म हो गया।
शादी के कार्ड लेकर बैंकों की चौखट पर पहुंचे ज्यादातर लोगों को आज भी राहत नहीं मिल पाई। पीएनबी ने कुछेक को 24-24 हजार रुपये दिए। पूरे ढाई लाख रुपये कोई बैंक नहीं दे पाया।
विवाह के लिए नगदी निकलवाने वालों से मांगा पैन नंबर
बहल में रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक खुले तो एटीएम के सामने लोगों की लंबी लाइनें लगी। लेकिन, कैश की कमी से इलाहाबाद तथा पीएनबी के एटीएम नहीं चले। पीएनबी से करीब 200 उपभोक्ताओं को नगदी दी गई। जिन लोगों ने शादी या अन्य किसी विशेष कारण को सबूत दिया तो उसे दस हजार रुपये का कैश दिया गया। वहीं, सुधीवास गांव के एक व्यक्ति को लड़की की शादी के लिए कैश लेने में दिक्कत आई। शादी कार्ड तथा सरपंच द्वारा दिए गए प्रमाण पत्र के बाद भी बैंक अधिकारियों ने लड़की के पैन कार्ड की शर्त अनिवार्य की। इस पर कैश लेने आए व्यक्ति को मायूसी के साथ लौटना पड़ा।
डाक विभाग नहीं ले रहा है बीएसएनएल के बिलों की पुरानी करेंसी में अदायगी
सरकार द्वारा डाकघर, पेट्रोल पंप तथा बिजली घर जैसी जरूरी सेवाओं में चलन से बाहर हुए 500 तथा 1000 के नोट बिल के रूप में जमा कराने की सूचना दी गई है। लेकिन, डाक विभाग सरकार के बनाए नियम मानने को तैयार नहीं है। डाकघर में बीएसएनएल के बिल पुरानी करेंसी में स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। बहल के डाकघर में सोमवार को बिल भरने गए अनाज मंडी व्यापारी ओमप्रकाश अग्रवाल तथा अन्य लोगों को स्पष्ट जवाब मिला की डाकघर में बिल जमा कराना है तो पुरानी करेंसी न लाएं। वहीं, इस मामले में जब मुख्य डाकघर भिवानी के अधीक्षक साधूराम शर्मा से बात की गई तो उन्होंने भी यही जवाब दिया कि पुरानी करेंसी में टेलीफोन के बिल स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
बाढड़ा में दोपहर तक नहीं आया कैश
कस्बे में सबसे अधिक उपभाक्ताओं वाले पीएनबी बैंक में दोपहर तक कैश न आने के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगकर परेशानी झेलनी पड़ी। शादी वाले परिवार बैंक प्रबंधक से शादी का कार्ड दिखाकर रुपये लेने के लिए गुहार लगाते दिखाई दिए। पीएनबी में करीब दो बजे तक कैश न आने के कारण सुबह से लाईनों में लगे कुछ लोग तो मायूस होकर खाली हाथ ही घर लौट गए। पीएनबी बैंक प्रबंधक प्रदीप कुमार ने ने बताया कि बैंक से लोगों को प्रतिदिन औसतन छह लाख रुपये ही मिल पाते हैं।
सहकारी बैंको में नोटबंदी के विरोध में पीएम का पुतला फूंका
बाढड़ा में सहकारी बैंकों में पुराने 1000 व 500 के नोट से लेनदेन न होने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राजू मान की अगुवाई में कस्बे के क्रांतिकारी चौक पर पीएम का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। राजू मान ने कहा कि सहकारी बैंकों में पुराने नोटों के लेनदेन पर लगाई गई रोक असहनीय है। जिसके कारण लोगों में रोष बना हुआ है। इस अवसर पर रामचंद्र उमरवास, बलजीत, सुनील, जगराम मान, रविंद्र जेवली, शेर सिंह, अशोक, महीपाल, सतबीर, संजीव आदि मौजूद थे।