चरखी दादरी में दादरी-दिल्ली प्रमुख सड़क मार्ग पर समसपुर के समीप बाइक व कार के बीच टक्कर हो जाने से बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दादरी सिविल अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर सांय दिल्ली सड़क मार्ग पर खातीवास मोड़ के समीप बाइक व कार के बीच टक्कर होने से बाइक सवार दो दोस्त सुमित व कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार किशोर सुमित व कृ़ष्ण बाइक पर सवार होकर दादरी की ओर आ रहे थे। दादरी से ऑल्टो कार दिल्ली की तरफ जा रही थी। इसी बीच बाइक व कार के बीच भिड़ंत हो गई। घटना के बाद बाइक सड़क पर जा गिरी। घटना में किशोर सुमित व कृष्ण के पैर व सिर में गहरी चोटें आई हैं। बताया जाता है कि दोनो के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।