लोहारू। पंचायत चुनावों के बीच रविवार को लोहारू खंड के सभी 82 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। हालांकि शुरुआत में मतदान की गति धीमी रही लेकिन दोपहर बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और सांय पांच बजे तक 67.6 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। शाम छह बजे तक होने वाली मतदान के बाद लोहारू पंचायत समिति के सभी 16 वार्डों के 97 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।
पंचायत समिति के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि लोहारू पंचायत समिति के सदस्य के लिए वार्ड नंबर एक से 5, वार्ड 2 से 2, वार्ड 3 से 5, वार्ड 4 से 8, वार्ड 5 से 6, वार्ड 6 से 4, वार्ड 7 से 4, वार्ड 8 से 4, वार्ड 9 से 3, वार्ड 10 से 4, वार्ड 11 से 9, वार्ड 12 से 4, वार्ड 13 से 6, वार्ड 14 से 4, वार्ड 15 से 5, वार्ड 16 से 7 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इसके अलावा जिला परिषद के वार्ड नं. 19 व वार्ड न. 20 के लिए रविवार को ही मतदान हुआ। जिला परिषद के वार्ड नं. 19 से 8 उम्मीदवार और वार्ड नं. 20 से 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। जानकारी के अनुसार लोहारू खंड के पंचायती राज चुनावों के लिए 62893 मतदाताओं को इन चुनावी उम्मीदवारों का भाग्य तय करना था और शाम पांच बजे तक 42487 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल कर लिया था। समाचार भेजे जाने तक मतदान जारी था।
सहयोग और प्रशासन की सतर्कता से शांतिपूर्वक हुआ मतदान : एसडीएम
पंचायत समिति निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि निर्धारित समय अनुसार लोहारू खंड के सभी 82 बूथों पर सुबह 7 बजे मॉक पोल के बाद मतदान शुरू कर दिया गया था। सभी बूथों पर प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। लोगों और प्रशासन की कुशल भागीदारी से देर शाम तक मतदान शांतिपूर्वक रहा। उन्होंने बताया कि हालांकि एक दो जगह कुछ समय से कुछ ईवीएम में तकनीकी खराबी आई थी, उसे तुरंत दुरुस्त कर ली गई थी। एसडीएम ने सभी चुनावी उम्मीदवारों से चुनाव खर्चा रजिस्टर को मेंटेन करने और उसका ब्योरा बीडीपीओ कार्यालय में जमा करवाने की अपील की है।