भिवानी। जिले में लगातार बढ़ रहे डेंगू मच्छर के खतरे से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग ने जहां एंटी लारवा अभियान व फीवर मास सर्वे को अधिक सक्रिय किया है, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद कर्मचारियों ने भी संदिग्ध इलाकों में फॉगिंग शुरू कर दी है, ताकि डेंगू के मच्छर न पनपे। जिले में फिलहाल डेंगू के 32 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि मलेरिया का भी एक मरीज मिल चुका है। इन 32 मरीजों में से 18 मरीज निजी तो 14 मरीज सरकारी अस्पताल से मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लारवा अभियान व फीवर मास सर्वे के लिए 142 टीमों का गठन किया है। जिन्होंने डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर 1547 घरों में चेतावनी नोटिस जारी किया है। शहरी क्षेत्र में बैंक कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, पटेल नगर, विद्यानगर, डाबर कॉलोनी, सेक्टर 13, शिवनगर, हनुमान गेट, भारत नगर, हांसी गेट, हाउसिंग बोर्ड में मरीज मिले हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में गांव खरक कलां, राजपुरा खरकड़ी, झांवरी, बापोड़ा, देवसर, धीराना, पालुवास, किरावड़, धनाना व तोशाम से मरीज मिले हैं।
शहर में इन स्थानों पर करवाई फॉगिंग
डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद को फॉगिंग करवाने के लिए पत्र लिखा है। इसके तहत नगर परिषद कर्मचारियों ने सेक्टर 13, सेक्टर 23, नेहरू कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, डीसी ऑफिस, एसपी ऑफिस, न्यायिक परिसर, जगत कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, महाराणा प्रताप कॉलोनी, राम नगर, बीटीएम कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, लोहड़ चौपड़ा, भारत नगर, नीम चौक, बाग कोठी, ताइयान पाना, एमसी कॉलोनी, फ्रेंडस कॉलोनी, न्यू हाउसिंग बोर्ड, आदर्श नगर, बाबा नगर, न्यू बस्ती, सीआईडी ऑफिस, कोर्ट रोड, पटवार खाना, हालु मोहल्ला, उत्तम नगर, दादरी गेट, रामलीला ग्राउंड, नेकीराम सभागार, किरोड़ीमल पार्क आदि जगहों पर फॉगिंग करवाई है।
जिले में डेंगू के अब तक 32 मरीज सामने आए हैं। मरीजों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा एंटी लारवा अभियान व फीवर मास सर्वे भी जारी है। नागरिकों से अपील है कि डेंगू के लक्षण होने पर अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवा लें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।