भिवानी। विभाजन का दंश सबसे बड़ा दंश था। इस दंश में धर्म के प्रति आस्था रखने वाले लाखों लोगों को अपनी कुर्बानी देनी पड़ी थी। हिंदुत्व की रक्षा और उसके प्रति समर्पण ही सच्ची देश भक्ति है। यह बात हांसी के विधायक विनोद भ्याना ने पंचायत भवन में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान में कही।
उन्होंने कहा कि वे बुजुर्ग हमारी विरासत हैं जिन्होंने अपनी सजीव आंखों से उस दंश को देखा व सहन किया था। उन्होंने अपनी पंजाबी कौम को सच्चे देश भक्त की संज्ञा देते हुए कहा कि हिंदू व हिंदुत्व की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सबकुछ छोड़ दिया और बंटवारे के समय भारत की मिट्टी से ही लगाव रखा। कार्यक्रम में विभाजन के समय पूर्वी पंजाब (वर्तमान में पाकिस्तान ) से भारत के इस हिस्से में आये भारतीयों को हांसी के विधायक विनोद भ्याना, जींद के विधायक कृष्ण मिड्डा व सांसद धर्मबीर सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल कृष्ण पोपली थे।
कार्यक्रम में वशिष्ठ अतिथि जींद के विधायक कृष्ण मिड्डा ने कहा कि विभाजन की उस विभीषिका को बेशक देखा नहीं है लेकिन सुनने मात्र से ही रोंगटे खड़े हो जाते है। बुजुर्ग जिस प्रकार से बताते हैं कि उस समय हिंदुस्तानियों पर लगातार अत्याचार किये जा रहे थे। उन्होंने बताया कि विभाजन के उस दंश के दौरान कई लोगों ने तो अपनी ही बेटियों ओर महिलाओं को स्वयं ही गला दबा कर मार दिया या फिर दूसरे समुदाय से बचने के लिए उनके सर को कलम कर दिया था। ऐसे दंश को झेल कर वे लोग भारत की भूमि पर आए थे। आने के बाद भी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाये बल्कि अपनी मेहनत और हिम्मत से फिर से खड़े हुए। कुछ लोगों ने उनका नाम शरणार्थी भी रखा, लेकिन परवाह नहीं की ओर अपने जज्बे के दम पर आगे बढ़ते रहे।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा ऐसे लोगों का सम्मान करना चाहिए जिन्होंने धर्म के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया लेकिन धर्म को नहीं छोड़ा। विभाजन के समय आये सभी लगभग 101 लोगों को सम्मानित किया गया। गोपाल कृष्ण पोपली ने कहा कि मंच से कई लोगों ने सरकार से आह्वान किया कि वे शरणार्थी शब्द पर कड़ा कानून बनाये। उन्हें शरणार्थी नहीं बल्कि पुरुषार्थी कहा जाए।
कार्यक्रम के बाद में शहीद हुए परिवारों के लिए कैंडल मार्च भी निकाली गई जो कि पंचायत भवन से चल कर क्राउन प्लाजा तक चली। इस मौके पर आयोजन समिति में पार्षद विनोद चावला, पूर्व पार्षद मुकेश रहेजा, हर्षदीप डुडेजा, बंसीधर महता, विशंभर अरोड़ा, पार्षद सुमिता बजाज डुडेजा, अविनाश सरदाना, सोहन लाल मक्कड़ , अधिवक्ता राजेश पोपली, डॉ विवेक मुंझाल, भाजपा नेता ठाकुर विक्रम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शंकर धोपड़ा, संजय दुआ, विनोद मिर्ग, प्रेम धमीजा , दर्शन मिड्डा, आशु कामरा, विकास महता, राजेश मुखी, संजय शर्मा धीरज सैनी, हर्षवर्धन मान, रविन्द्र बापोड़ा, देवेंद्र कुमार, राजेश जांगड़ा, देवेन रहेजा, भुवन चावला, अभिनव दुरेजा, संजय ककड़ उपस्थित थे।