भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की डीएलएड प्रवेश वर्ष-2019, 2020 की प्रथम वर्ष (री-अपीयर) एवं प्रवेश वर्ष-2021 के प्रथम वर्ष (नियमित) परीक्षा में शुक्रवार को विभिन्न उड़नदस्तों ने नकल के आठ केस दर्ज किए। इस परीक्षा में शुक्रवार को 11,792 छात्र-अध्यापक शामिल हुए, जिनके लिए प्रदेशभर में 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने बताया कि बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार के उड़नदस्ते ने जींद और संयुक्त सचिव पवन कुमार के उड़नदस्ते ने चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। बोर्ड अध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों ने नारनौल में नकल के तीन मामले दर्ज किए। इसके अतिरिक्त प्रश्न-पत्र उड़नदस्ता कुरुक्षेत्र ने एक व महेंद्रगढ़ द्वारा चार नकल के केस दर्ज किए गए। प्रश्न-पत्र उड़नदस्ता महेंद्रगढ़ ने परीक्षा केंद्र एनआरसी हाई स्कूल पर कार्यरत पर्यवेक्षक हेमंत कुमार टीजीटी अध्यापक को मोबाइल पर नकल करवाते रंगे हाथ पकड़ा। जिसे परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया है और परीक्षार्थी का नकल का केस बनाया गया है।