तोशाम। प्रवासी मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को सोमवार देर सांय गांव थिलोड़ बस अड्डे से काबू कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से हत्या के लिए प्रयोग की कस्सी को बरामद कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात्री प्रवासी मजदूर ने अपने सौतेले भाई की कस्सी मारकर हत्या कर दी थी। प्रवासी आरोपी पवन ने बताया कि मृतक पप्पू दीपावली के दिन शराब पीकर आया था। आते ही वह अपनी पत्नी सुषमा के साथ झगड़ा करने लगा। झगड़े को देखकर आरोपी पवन उन दोनों का बीच बचाव करने के लिए आया। पवन जब उनका बीच बचाव करने लगा तो पप्पू ने पवन को गाली देनी शुरू कर दी। पवन काफी देर तक अपने भाई पप्पू को ऐसा ना करने के लिए कहता रहा। लेकिन पप्पू नहीं माना। आरोपी पवन ने तंग आकर पप्पू पर कस्सी से वार करने शुरू कर दिए। पवन ने पप्पू के सिर में कस्सी से पांच बार वार किए। जिससे पप्पू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पत्नी को भी दी जान से मारने की धमकी
आरोपी पवन ने मृतक पप्पू की पत्नी सुषमा को भी जान से मारने की धमकी दी। पवन ने कहा कि अगर तुमने किसी को यह बताया कि पप्पू की हत्या पवन ने कस्सी मारकर की है तो वह उसे भी मार देगा। डर के मारे सुषमा ने अपने पति की मौत का खुलासा नहीं किया।
इस बारे में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को काबू कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसको एक दिन के रिमांड़ पर लाया गया है।