भिवानी में गाड़िया लोहार परिवार की एक लड़की तसले बेचने जगरामबास गांव गई। वहां तसले के बदले एक परिवार से बाजरा लिया। घर आकर बाजरे का कट्टा खोलकर देखा तो उसमें तीन लाख रुपये थे। लड़की ने तुरंत ये रुपये पुलिस को दे दिए। बाद में जगरामबास के परिवार को बुलाकर रुपये लौटा दिए गए।
मामला शनिवार सुबह का है। अनाज मंडी चौकी के सामने झुग्गियों में रहने वाले गाड़िया लोहार परिवार में प्रेम सिंह की लड़की सलमा तसले बेचने जगरामबास गांव में गई थी। वहां गुलाब सिंह के परिवार में तसला बेचने के बाद उसने रुपयों की जगह बाजरे के लिए कट्टा दे दिया। गुलाब की पत्नी मुकेश ने कट्टे में बाजरा डालकर दिया। सलमा ने जब अपने घर आकर कट्टा खोला तो हैरान रह गई। उसमें तीन लाख रुपये थे। मगर ये तीन लाख रुपये उसे लोभी नहीं बना पाए। उसने तुरंत रुपये अनाज मंडी चौकी में पुलिस को दिए और सारी बात बताई। जिसके बाद पुलिस ने जगराम बास गांव से गुलाब सिंह के परिवार को बुलाया और रुपये लौटा दिए। लड़की की इमानदारी पर चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार ने अपनी तरफ से पांच सौ रुपये इनाम के लड़की को दिए।