चरखी दादरी में शनि मंदिर के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिलर सहित उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। घायल महिला व उसका बेटा सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। खबर लिखे जाने तक घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाएं थे।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल महिला मीना ने बताया कि बुधवार को उसका भाई टेनी बाइक पर सवार होकर उसे लेने उसकी ससुराल मातनहेल आया था। मीना ने बताया कि दोपहर बाद वो अपने दोनों बच्चों दीपांशु(5) व बेटी रवीना(3) को साथ लेकर मातनहेल से पैंतावासकलां अपने मायके आने के लिए निकले थे। घायल महिला ने बताया कि अभी वो दादरी के शनि मंदिर के समीप ही पहुंचे थे कि इसी दौरान उनकी बाइक को पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। घटना में वो, उसका भाई टेनी व दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद वहां से गुजर रहें राहगीरों व दुुकानदारों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। मीना ने बताया कि घटना में उसके भाई को हल्की चोटें आई जबकि उसकी बेटी रवीना की गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। सिटी थाना प्रभारी भूदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल उनके पास अस्पताल से कोई सूचना नहीं आई है। सूचना आते ही जांच अधिकारी नियुक्त कर घायलों के बयान लेने भेज दिया जाएगा।