भिवानी। भीम स्टेडियम में 56वीं राज्यस्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन बास्केटबॉल और वॉलीबाल स्पर्धा के कई रोमांचक मैच हुए। इस दौरान अंडर-17 के वॉलीबाल मैच में भिवानी की टीम ने फतेहाबाद की टीम को हराया।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेश मेहता व डीईईओ संतोष नागर ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का काम करती हैं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। रामपाल हुड्डा ने कहा कि खेलों से न केवल शरीर, बल्कि मन भी स्वस्थ रहता है। इसीलिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेलों में भाग लेना चाहिए।
वॉलीबाल स्पर्धा के परिणाम
जयबीर नाफरिया ने बताया कि वॉलीबाल स्पर्धा में अंडर-14 आयु वर्ग में करनाल ने फतेहाबाद, सिरसा ने भिवानी, चरखी दादरी ने महेंद्रगढ़ को हराया। अंडर-17 में पलवल ने सिरसा, भिवानी ने फतेहबाद, गुरुग्राम ने पंचकूला को हराया। अंडर-19 में कुरुक्षेत्र ने करनाल, कैथल ने भिवानी, चरखी दादरी ने फतेहाबाद, गुरुग्राम ने हिसार, कैथल ने कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम ने चरखी दादरी को हराया।
बॉस्केटबाल स्पर्धा के परिणाम
बॉस्केटबाल की अंडर-19 आयु वर्ग की स्पर्धा में राई ने सोनीपत को, पानीपत ने फरीदाबाद को, पानीपत ने रोहतक को हराया। अंडर-14 में कैथल ने सोनीपत को और पानीपत ने रोहतक को हराया।
इससे पहले, तीसरे दिन के मैचों का शुभारंभ अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञानेंद्र नेहरा, बहल खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर, सिवानी खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह, एईओ सत्यवान, एईईओ रामचंद्र पुनिया, डाॅ. अनिल कुमार, प्रीतपाल सिंह, राजेश ढ़ांडा, जोगेंद्र पीटीआई मौजूद रहे। मंच का संचालन प्रवक्ता राकेश रोहिल्ला ने किया। इस मौके पर खेल व्यवस्थाओं का जायजा लेने चंडीगढ़ से यूथ व स्पोर्ट्स अधिकारी रामपाल हुड्डा विशेष तौर पर पहुंचे और खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। जिला संगठन आयुक्त स्काउट्स प्राचार्य पवन शास्त्री, रामकिशन भाटी व रसना मलिक की देखरेख में ढाणी हनुमान स्कूल के स्काउट्स के 15 बच्चों के कार्याें की अधिकारी व कर्मचारियों ने सराहना की।