पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के नाम पर बनने वाला विश्वविद्यालय प्रेमनगर गांव में नहीं भिवानी शहर में ही बनेगा। इसके लिए राजकीय महाविद्यालय और हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 35-35 एकड़ जमीन ली जाएगी। यह प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय होगा, जिसमें स्पोर्ट्स की अलग से फैकल्टी होगी।
एलएलबी समेत पीजी स्तर के 20 विषयों के साथ इसी सत्र से विश्वविद्यालय का संचालन आरंभ होगा। नया भवन बनने तक विश्वविद्यालय राजकीय बीएड कॉलेज के परिसर में चलेगा। राजकीय पीजी कॉलेज व राजीव गांधी महिला महाविद्यालय भी इसी से संबद्ध होंगे।
बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नवसृजित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की नींव रखते हुए यह घोषणा की। राजकीय पीजी कॉलेज के परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में सीएम ने विश्वविद्यालय बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए। सीएम ने कहा कि भिवानी में बनने वाले विश्वविद्यालय में सभी तरह के कोर्स संचालित होंगे, मगर खेलों पर विशेष जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें। शिक्षा ही विकास का आधार है और इसीलिए प्रदेश सरकार शैक्षणिक विकास को सबसे आगे रखा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुड्डा ने 50.39 करोड़ की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। 15 करोड़ की लागत से तैयार चौधरी बंसीलाल राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का भी लोकार्पण किया।
इस मौके पर जनस्वास्थ्य मंत्री किरण चौधरी, सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान, सीपीएस रामकिशन फौजी, बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रणवीर सिंह महेन्द्रा, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे। चौ.बंसीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डा.सुरेन्द्र कुमार गक्खड़ ने स्वागत व उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव एसएस प्रसाद ने आभार जताया।
इन कोर्सों से होगी शुरुआत
इसी सत्र से शुरू होने वाले नव सृजित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में फिलहाल एलएलबी समेत पीजी स्तर के 18 कोर्सों का संचालन होगा। इसमें एमई, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, एमकॉम, एमएड, एमकॉम, एमए अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, जनसंचार, मनोविज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीतिक विज्ञान, मास्टर ऑफ सोशल वर्क, एमएससी रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, बॉटनी, जूलाजी, एमएससी बायो टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
कॉलेजों में बढ़ेगा साइंस का अतिरिक्त स्टाफ
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी राजकीय कॉलेजाें की स्नातक कक्षाओं में 10 फीसदी सीटें बढ़ाने की घोषणा की। यह भी कहा कि जिन कॉलेजों में विज्ञान की पढ़ाई हो रही है, वहां बेहतर पढ़ाई के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनात किए जाएंगे।