भिवानी। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के समाम मद के तहत सामान्य वर्ग के किसानों के लिए रोटावेटर और लेजर लैंड लेवलर के लाभार्थियों का चयन 22 जुलाई को ऑनलाइन ड्राॅ के माध्यम से किया जाएगा। यह ऑनलाइन ड्राॅ सुबह साढ़े 10 बजे डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में जिलास्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष डीआरडीए सभागार, लघु सचिवालय में आयोजित होगा।
सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के समाम मद के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए रोटावेटर, लेजर लैंड लेवलर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों से विभागीय पोर्टल पर 16 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों द्वारा आवेदन किए गए सभी पात्र कृषि यंत्रों तथा सामान्य वर्ग के किसानों के लिए रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर को छोड़कर अन्य सभी कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है। सामान्य वर्ग में रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण पात्र लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन ड्राॅ के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भिवानी जिले में सामान्य वर्ग के रोटावेटर के 552 तथा लेजर लैंड लेवलर के 273 लाभार्थियों का चयन किया जाना है। नसीब सिंह धनखड़ ने संबंधित सभी पात्र किसान भाइयों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर ऑनलाइन ड्राॅ प्रक्रिया में भाग लेने और योजना का लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी।