गांव बापोड़ा में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्षों के लोग इस विवाद में घायल हुए और उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं सदर पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक पक्ष के गांव बापोड़ा वासी महेंद्र ने सदर पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी गली में आखिरी खेत ललित का लगता है। उन्होंने इस गली में खेत का नाजायज रास्ता खोल रखा है। इस रास्ते को उनके परिवार के लोगों ने बंद करने के लिए कच्ची दीवार बना रखी थी। 13 जुलाई को प्रशासन ने मौके पर आकर उस दीवार को तोड़ दिया था। मौके पर आए अधिकारियों को महेंद्र के परिवार ने कहा था कि इस पर ललित ने अपने खेत का जो रास्ता खोलकर इस गली में लगा रखा है। वह नाजायज है। उन अधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में अपनी दरखास्त लगा सकते हो। इसके बाद 15 जुलाई की शाम करीब पांच बजे अपने पिता मंगतुराम व ताऊ का लड़का नवरत्न गली में रखी लकड़ी अपने ट्रैक्टर में उठा रहे थे तो इसी दौरान हथियार लेकर आरोपी वहां पहुंचे और फिर से रास्ता बंद करने की बात कहकर धमकाने लगे। इस पर कहा कि वे केवल लकड़ी उठा रहे हैं, रास्ता बंद नहीं कर रहे हैं। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। बचाव के लिए घर की तरफ दौड़े तो आरोपी भी पीछे पीछे घर के अंदर ही घुस गए और हमला कर दिया। इस हमले में तीनों को चोटें आई। जिन्हें इलाज के लिए भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। इस हमले में नवरत्न को ज्यादा चोटें लगने की वजह से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं इस संबंध में सदर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के प्रेम ने बताया कि घर के पास ही पशुओं के लिए प्लाट ले रखा है। उनका प्लाट गली के आखिर में है। उनके पड़ोसी मनीराम व उनके परिवार ने मिलकर घेर के आगे मुख्य गली में दीवार बना कर रास्ता बंद कर दिया था। जिसकी शिकायत एसडीएम को दी गई थी। जिस पर 13 जुलाई को प्रशासन ने मौका मुआयना कर दीवार तुड़वा दी थी। मगर मनीराम व उनके परिवार वालों ने धमकी दी थी कि वे रास्ता नहीं खुलने देंगे। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर रास्ते में लकड़ियां डाल दी गई। 15 जुलाई की शाम को उसका लड़का मंदीप खेत में ट्रैक्टर लेकर अपने घर आया तो रास्ता बंद था। इस पर आरोपियों को रास्ते में लकड़ी डालकर रास्ता बंद करने के संबंध में पूछा तो उन्होंने परिवार के सदस्यों को बुलाकर उन पर लाठी डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उसे व उसके लड़के को चोटें मारी गई। बीच बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया वहीं पुलिस ने प्रेम की शिकायत पर आरोपी पक्ष के सात लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।