भिवानी के नया बाजार क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या की वारदात जींद जिला के गांव बकलाना में मोहल्ला मोड़ की है। मंगलवार सुबह भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में शव का हिसार पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक के भाई की शिकायत पर चार दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बकलाना जींद निवासी सतबीर ने बताया कि उसका भाई 53 वर्षीय सत्यवान गांव में खेतीबाड़ी का काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं दो लड़के और एक लड़की। उसका एक लड़का भिवानी में प्राइवेट स्कूल में बतौर अध्यापक कार्यरत है जबकि उसका एक बेटा और एक बेटी भिवानी में ही ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। उसका भाई बच्चों सहित नया बाजार स्थित एक किराये के मकान में रहता था।
सतबीर ने बताया कि सोमवार शाम को सत्यवान को फोन कर उसके दोस्तों ने बुलाया था। जिसके बाद वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। शाम छह बजे सत्यवान की बेटी स्नेहा के साथ फोन पर बात हुई थी। इसके बाद बेटे सुनील से भी फोन पर बात हुई थी। लेकिन रात नौ बजे सत्यवान का फोन आया था, लेकिन वह कुछ बताना चाहता था, मगर आवाज नहीं आ रही थी। जिसके बाद परिजनों ने 10 से 12 बार सत्यवान के फोन पर कॉल की, मगर कोई जवाब नहीं आया। काफी देर बाद उसके पिता के फोन से ही किसी व्यक्ति ने उसके पिता की गांव बकलाना में मोहल्ला मोड़ पर बेसुध पड़े होने की सूचना दी।
जिसके बाद परिजन मौके पर पहुुंचे तो सत्यवान के मुंह से खून निकल रहा था और सिर में गंभीर चोटें लगी थी। मौके पर सत्यवान की बाइक और उसके दोस्तों की एक बाइक खड़ी थी। वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला नागरिक अस्पताल भिवानी लेकर पहुंची। सतबीर ने सत्यवान की पीट-पीटकर हत्या के चार दोस्तों पर आरोप लगाए हैं। जिनमें बकलाना निवासी बिल्लू, मोधू व मोदर के अलावा एक अन्य शामिल है। बास पुलिस थाना के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर पवित्र ने बताया कि मृतक के शव का जिला नागरिक अस्पताल भिवानी में पोस्टमार्टम कराया है वहीं मृतक के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।